बरेली में 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह, शहनाइयों से गूंजा माहौल

बरेली में कुर्मी क्षत्रिय सभा द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 17 कन्याओं का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 April 2026, 6:45 PM IST

Bareilly: बरेली में रविवार को खुशियों और परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला, जब कुर्मी क्षत्रिय सभा द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 17 कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। शहनाइयों की गूंज, मंगलगीत और उत्साहित लोगों की भीड़ ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष एड. के.पी. सेन गंगवार और उनकी पत्नी सुधा सेन गंगवार ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत और विवाह परिचयिका का विमोचन किया गया।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी, नवदंपतियों को मिला आशीर्वाद

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी 17 नवविवाहित जोड़ों को मंच पर बुलाकर अतिथियों ने आशीर्वाद दिया। समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नवदंपतियों को उनके नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। विवाह के बाद सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और नवदंपतियों को गृहस्थी के लिए उपहार भी दिए गए।

एटा में SSP का बड़ा एक्शन, 177 पुलिसकर्मियों के तबादले, देखें पूरी लिस्ट

सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल बना आयोजन

कार्यक्रम के दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत देते हैं। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने इसे बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

सोनभद्र में 50 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे सप्लाई

समाज सशक्तिकरण की दिशा में कदम

कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट के.पी. सेन गंगवार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज को एकजुट करना और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक बंधन मजबूत होते हैं और सहयोग की भावना बढ़ती है। उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार ने भी कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम और बड़े स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

Location :  Bareilly

Published :  12 April 2026, 6:45 PM IST