
दुल्हन की तरह सजा मनगढ़ धाम (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर प्रतापगढ़ के भक्तिधाम मनगढ़ में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ने वाला है, जिसे संभालना पुलिस और प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक सुरक्षा का घेरा मजबूत कर दिया गया है। अनुमान है कि करीब एक लाख श्रद्धालु जन्माष्टमी के मौके पर मनगढ़ धाम पहुंच सकते हैं। उधर, दूसरी तरफ भक्ति और उत्साह का रंग भी चरम पर है। जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज की तपोभूमि को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की खुशबू और श्री राधा-कृष्ण के भव्य श्रृंगार से पूरा परिसर जगमगा उठा है।
जन्माष्टमी को लेकर भक्तिधाम मनगढ़ में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। मंदिर परिसर में ‘राधे-राधे’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। मनगढ़ धाम की खास बात यह है कि यहां जन्माष्टमी के मौके पर सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
जन्माष्टमी उत्सव के लिए भक्तिधाम के मुख्य मंदिर को बेहद आकर्षक अंदाज में सजाया गया है। मंदिर की नक्काशी पर पड़ती रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें इसकी खूबसूरती को और बढ़ा रही हैं। जगह-जगह झाड़-फानूस लगाए गए हैं, जिससे रात के समय मंदिर परिसर का नजारा बेहद भव्य दिखाई दे रहा है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक ठाकुर जी के विशेष श्रृंगार और मंदिर की सजावट के लिए प्राकृतिक और सुगंधित फूलों के साथ विदेशी फूलों का भी इस्तेमाल किया गया है।
प्रतापगढ़ में चाचा भतीजे की रहस्यमयी मौत, किसी ने बताया जादू-टोना तो किसी ने कहा- भगवान की मर्जी
जन्माष्टमी पर भक्तिधाम मनगढ़ में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के स्तर से करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसी को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर दर्शन कराने के लिए बड़ी संख्या में सेवादार और वॉलिंटियर्स लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्थाएं संभालने के लिए कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर के हिस्सों और मेला क्षेत्र तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर पर नजर रखी जा रही है। भीड़ के बीच किसी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके, इसके लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
एसपी दीपक भूकर के मुताबिक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए तीन गेट बनाए गए हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में इन प्रवेश द्वारों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद यह है कि एक साथ अत्यधिक संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में प्रवेश न कर सकें। पुलिस और प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने की कोशिश में जुटा है।
‘अगर समय पर इलाज मिलता तो बच जाती जान’ प्रतापगढ़ में महिला की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
जन्माष्टमी मेले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। शुक्रवार सुबह एडीजी प्रयागराज ज्योति नारायण और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भक्तिधाम मनगढ़ पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुविधाओं का भी इंतजाम किया है। परिसर और आसपास के इलाकों में जगह-जगह पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं।
जन्माष्टमी का सबसे खास और भावुक पल रात 12 बजे आएगा। मध्यरात्रि में शंख और घंटियों की गूंज के बीच भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद ठाकुर जी का महाअभिषेक किया जाएगा। महाअभिषेक में दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद भगवान की भव्य आरती होगी। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं को विशेष छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
Location : Pratapgarh
Published : 4 September 2026, 1:56 PM IST
Topics : Bhakti Dham Mangarh Janmashtami 2026 Krishna Janmashtami Celebration krishna janmashtami pratapgarh news