कांवड़ यात्रा के लिए कानपुर में बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू, इस दिन तक बदले रहेंगे रूट, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

कांवड़ यात्रा को देखते हुए कानपुर ट्रैफिक पुलिस ने 1 अगस्त से 28 अगस्त तक चार चरणों में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू किया है। इटावा, झांसी और हमीरपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। पूरे रूट की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 1:58 PM IST

Kanpur: कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले कानपुर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक विभाग ने बड़ा प्लान तैयार किया है। एक अगस्त से शहर में भारी वाहनों की एंट्री और आवाजाही पर चरणबद्ध तरीके से रोक रहेगी। अलग-अलग तारीखों में ट्रकों समेत अन्य भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इतना ही नहीं, पूरे रूट पर ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या जाम की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

चार चरणों में लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन योजना चार चरणों में लागू की जाएगी। पहला चरण 1 अगस्त की रात 8 बजे से 3 अगस्त की रात 12 बजे तक रहेगा। इसके बाद दूसरा चरण 8 अगस्त से 10 अगस्त, तीसरा चरण 15 अगस्त से 17 अगस्त और अंतिम चरण 22 अगस्त से 28 अगस्त तक लागू रहेगा। इन दिनों शहर में भारी वाहनों की आवाजाही तय किए गए वैकल्पिक मार्गों से ही होगी।

इटावा और औरैया से आने वाले वाहनों के लिए बदला रूट

ट्रैफिक प्लान के मुताबिक इटावा और औरैया की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी या गोरखपुर की ओर जाना है, उन्हें कानपुर शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को रामादेवी चौराहे से चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज और बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम रहेगा और कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहेगी।

पहले पत्नी का गला घोंटा, मांग में भरा सिंदूर और फिर पंखे पर झूल गया पति… कानपुर में प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत

हमीरपुर और झांसी से आने वाले ट्रकों के लिए भी अलग व्यवस्था

हमीरपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें सजेती, घाटमपुर और नौबस्ता के रास्ते उन्नाव या लखनऊ जाना है, उन्हें अनुपुर मोड़, परास मोड़, जहानाबाद, चौडगरा और फतेहपुर होते हुए रायबरेली के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं झांसी, कालपी, भोगनीपुर और मूसानगर की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें नौबस्ता के रास्ते उन्नाव या लखनऊ जाना है, वे घाटमपुर चौराहे से सीधे चौडगरा, फतेहपुर और रायबरेली होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर के वाहनों पर भी रहेगी रोक

ट्रैफिक पुलिस ने कानपुर नगर के शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र से उन्नाव की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। कांवड़ यात्रा के दौरान इन वाहनों को परियर पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे सभी भारी वाहनों को अरौल से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जरिए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा।

‘पापा कब आएंगे?’ मासूम बेटी का सवाल और दरवाजे पर टकटकी लगाए मां… ड्रोन हमले ने उजाड़ दिया कानपुर का परिवार

ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पूरे रूट पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से ट्रैफिक की लाइव मॉनिटरिंग होगी और किसी भी जगह जाम या अव्यवस्था की स्थिति बनने पर तत्काल पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंचेगी।

Location :  Kanpur

Published :  30 July 2026, 1:58 PM IST