
दिल्ली अग्निकांड से योगी सरकार ने लिया ये सबक
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में भीषण आग की घटना से सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस अग्निकांड में 21 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस घटना में कई विदेशी भी मारे गये। होटल के संचालन में कई अनियमितताएं पाई गईं और होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना ने कई स्तर पर लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है।
दिल्ली के इस भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। योगी सरकार ने इस घटना से सबक लेते हुए राज्य में सभी होटलों और इमारतों का सैफ्टी ऑडिट करने का फैसला लिया है। इस अभियान से होटलों के संचालन में बरती जाने वाली लापरवाही सामने आएगी और बिना एनओसी या जरूरी दस्तावेजों के बिना संचालित होटलों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त यूपी में अवैध गैस्ट हाउस भी सील होंगे।
यूपी पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 206 डिप्टी एसपी को किया गया इधर से उधर; देखिये सूची
सीएम योगी ने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभागों, PWD और अग्निशमन विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ कई अन्य विभागों को निर्देश दिया है कि "सभी ऊंची इमारतों, दफ्तरों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया जाए और अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत बनाया जाए। सभी होटलों का विशेष सुरक्षा निरीक्षण किया जाए और एक ऑडिट रिपोर्ट जमा की जाए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी, लखनऊ अंकुश मित्तल ने कहा कि सभी होटलों में ड्राइव चलाई जा रही है। सभी स्टेशन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में होटलों की जांच कर रहे हैं। लापरवाही मिलने पर इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीएफओ का कहना है कि लखनऊ में 9 फायर स्टेशन है सभी फायर स्टेशन अपने-अपने क्षेत्र के जगह पर जो भी प्रतिष्ठान संस्थान हैं, वहां पर मानकों के अनुरूप चेकिंग कर रहे हैं और जहां भी दिक्कतें हैं उनको सही करने के निर्देश दे रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली के मालवीय नगर में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। कई स्थानीय लोगों सहित बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे, घटना के समय इमारत में कई लोग सो रहे थे।
Location : Lucknow
Published : 4 June 2026, 12:58 PM IST