यूपी में वृद्धावस्था पेंशन के बदले नियम, अब केवल आधार कार्ड नहीं बल्कि ये दस्तावेज भी अनिवार्य, जानिये नया नियम

उत्तर प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन के नियम बदले हैं। अब आधार कार्ड अकेला पर्याप्त नहीं, उम्र प्रमाण के लिए परिवार रजिस्टर या स्कूल सर्टिफिकेट जरूरी। समय पर दस्तावेज अपडेट करें वरना पेंशन अटक सकती है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 28 March 2026, 3:52 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन (Old Age Pension) के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब केवल आधार कार्ड के आधार पर उम्र प्रमाणित नहीं माना जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेंशन प्राप्त करने के लिए अब अन्य दस्तावेज भी अनिवार्य होंगे। यदि नए नियमों के अनुसार डॉक्यूमेंट अपडेट नहीं किए गए, तो पेंशन अटक सकती है।

अब आधार कार्ड पर भरोसा नहीं

पहले तक यूपी में पेंशन आवेदन के लिए आधार कार्ड पर दर्ज जन्मतिथि को अंतिम माना जाता था। लेकिन अब सरकार ने कहा है कि उम्र के प्रमाण के लिए परिवार रजिस्टर की प्रमाणित नकल या स्कूल सर्टिफिकेट में दर्ज जन्मतिथि ही मान्य होगी। यह बदलाव फर्जीवाड़े और गलत दावा करने वालों को रोकने के लिए किया गया है।

Maharajganj News: समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, डीएम संतोष शर्मा और एसपी सोमेंद्र मीणा ने सुनी फरियाद

जिलों में सख्त निर्देश

प्रशासन ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि नए आवेदनों में इन दस्तावेजों की जाँच अनिवार्य होगी। सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल उन्हीं बुजुर्गों को मिले, जिनकी वास्तविक उम्र 60 साल या उससे अधिक है। अब आधार की उम्र को अकेले आधार मानकर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

पेंशन फॉर्म भरते समय ध्यान रखें

पेंशन पोर्टल पर फॉर्म भरते समय अब ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। शासन ने कहा है कि फॉर्म में सभी कॉलम भरना अनिवार्य है। किसी भी जगह को खाली छोड़ने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। सिस्टम को अधिक सख्त और पारदर्शी बनाया गया है ताकि सही और पात्र लाभार्थियों तक पेंशन समय पर पहुंचे।

पेंशन की पात्रता और राशि

वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए है। ग्रामीण क्षेत्रों में सालाना आय 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्रों में 56,460 रुपये से कम होने पर ही लाभ लिया जा सकता है। सरकार हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक मदद देती है, जो हर चौथे महीने तीन किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।

ईरान युद्ध पर वेंस-नेतन्याहू में तकरार, उपराष्ट्रपति ने इजरायली दावों को बताया ‘हकीकत से दूर’, जानें क्या है खबर

आवश्यक दस्तावेज

नए नियमों के अनुसार आवेदन करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों में परिवार रजिस्टर की प्रमाणित नकल, स्कूल सर्टिफिकेट, जन्म प्रमाण पत्र या मेडिकल ऑफिसर द्वारा जारी आयु प्रमाण पत्र शामिल हैं। शहरी क्षेत्र के लिए राशन कार्ड भी जरूरी हो सकता है।

तुरंत दस्तावेज अपडेट करें

अगर आपके घर में कोई बुजुर्ग पेंशन का लाभ ले रहे हैं या लेने वाले हैं, तो परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य जरूरी दस्तावेज तुरंत तैयार कर लें। समय रहते यह काम निपटाना ही समझदारी है, ताकि पेंशन में किसी तरह की बाधा न आए।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 28 March 2026, 3:52 PM IST