
महराजगंज में अवैध गन्ना ट्राला पर बड़ी कार्रवाई
Maharajganj: जनपद में सड़कों पर अवैध रूप से निर्मित और ओवरलोड गन्ना लदे ट्रालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) मनोज कुमार सिंह ने परतावल से कप्तानगंज रोड पर पिपराइच की ओर जा रहे एक भारी-भरकम गन्ना लदे ट्राले को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में कई अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद उस पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित ट्राला अवैध रूप से बनवाया गया था और परिवहन मानकों के अनुरूप नहीं था। साथ ही उसमें क्षमता से अधिक गन्ना लादा गया था, जिससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे ट्राले अक्सर संतुलन खो देते हैं और पीछे चल रहे वाहनों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
Ranchi Air Ambulance Crash: रांची से दिल्ली आ रही एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं।
ARTO मनोज कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, बिना उचित पंजीकरण या मानकों के विपरीत तैयार किए गए वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और अवैध निर्माण सीधे तौर पर दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में भारी जुर्माना लगाया जा रहा है।
उन्होंने गन्ना मिल प्रबंधन से भी अपील की कि वे अवैध और अत्यधिक लदे ट्रालों से गन्ना खरीदने से बचें। यदि मिलें सख्ती दिखाएं तो अवैध ट्रालों पर स्वतः अंकुश लग सकता है।
Location : Maharajganj
Published : 24 February 2026, 2:00 AM IST