गोरखपुर के इन होटलों में क्या चल रहा था? जांच में खुल गया बड़ा राज

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित दो होटलों को सीज कर दिया। जांच में दोनों होटल बिना वैध लाइसेंस, फायर NOC और अग्नि सुरक्षा इंतजामों के चलते पाए गए। प्रशासन ने आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 July 2026, 12:23 AM IST

Gorakhpur : जिले में अवैध रूप से चल रहे होटल, सराय और ढाबों के खिलाफ प्रशासन अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को गीडा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान दो होटलों को सीज कर दिया। जांच में दोनों होटल बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए। इतना ही नहीं, इन होटलों में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम भी नहीं मिले और फायर विभाग की एनओसी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नन्दन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गीडा कीर्ति निधि आनंद, तहसीलदार राकेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र के होटलों की जांच की। टीम ने होटल यूनिक पैलेस और होटल डीएस पैलेस का निरीक्षण किया। होटल डीएस पैलेस बिना बोर्ड के संचालित पाया गया।

लाइसेंस और फायर NOC नहीं दिखा सके प्रबंधक

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालन से जुड़े वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन होटल प्रबंधक कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों होटलों के आसपास गंदगी फैली हुई थी। होटल परिसर में अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे। फायर सर्विस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया गया था। यह लापरवाही सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से जुड़ी मानी गई।

रंजिश में हमला किया, लेकिन बच नहीं पाए… गोरखपुर पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, हमले में इस्तेमाल सामान भी बरामद

जांच में सहयोग न करने पर कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, होटल प्रबंधकों ने जांच में सहयोग करने के बजाय आपत्तिजनक रवैया अपनाया। इस पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दोनों होटलों को मौके पर ही नियमानुसार सीज कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई होटल प्रबंधकों की मौजूदगी में पूरी की गई। साथ ही उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने कहा है कि बिना वैध लाइसेंस, फायर सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के किसी भी होटल, सराय या ढाबे का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि जनसुरक्षा सबसे जरूरी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 July 2026, 12:23 AM IST