कुंभ में हुई दोस्ती, शादी का झांसा और फिर… सिपाही पर युवती ने लगाए सनसनीखेज आरोप

मैनपुरी के घिरोर थाने में तैनात एक सिपाही पर दिल्ली की रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि सिपाही ने धमकी देकर दुष्कर्म किया, वीडियो बनाया और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात भी कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 3:01 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घिरोर थाने में तैनात एक सिपाही पर दिल्ली की रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी सिपाही ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, युवती ने जबरन गर्भपात कराने और 20 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुंभ मेले में हुई थी मुलाकात

पीड़िता के मुताबिक उसकी मुलाकात आरोपी सिपाही कपिल कुमार से कुंभ मेले के दौरान हुई थी। वह अपनी मां के साथ स्नान करने गई थी। उसी दौरान घिरोर थाने में तैनात सिपाही कपिल कुमार से संपर्क हुआ। आरोपी मूल रूप से बुलंदशहर जिले के थाना आहार क्षेत्र के गांव बनवारीपुर का रहने वाला बताया गया है।

युवती का आरोप है कि सिपाही ने उन्हें वीआईपी स्नान कराने की बात कही और इसी बहाने मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे आरोपी ने भरोसा जीत लिया और शादी का वादा करने लगा।

UP Crime: नोएडा का ‘साइको स्कूटी वाला’ गिरफ्तार, महिलाओं की कमर पर कैंची से करता था हमला

मंदिर दर्शन के बहाने ले गया उत्तराखंड

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद आरोपी सिपाही उसे उत्तराखंड स्थित बाबा नीम करौली मंदिर में दर्शन कराने के बहाने लेकर गया। वहीं उसने चाकू से नस काटने की धमकी देकर जबरन दुष्कर्म किया। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया था।
युवती के मुताबिक वीडियो वायरल करने और शादी का झांसा देकर आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। वह हर बार शादी का भरोसा देता रहा, जिसके कारण वह उसके झांसे में आती चली गई।

गर्भवती होने पर कराया गर्भपात

पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि वह आरोपी सिपाही के कारण गर्भवती हो गई थी। इसके बाद आरोपी कपिल कुमार, उसके भाई सनित, मां और पिता ने मिलकर उसका गर्भपात कराया। युवती का कहना है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिवार वालों का रवैया बदल गया। बाद में सिपाही ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने उससे 20 लाख रुपये की मांग भी की।

UP Crime: बदायूं में जमीन बंटवारे के विवाद में भाई ने खाया जहर, मचा हड़कंप

पुलिस ने शुरू की जांच

मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर घिरोर थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घिरोर थाना प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सच सामने आता है और आरोपी सिपाही पर क्या कार्रवाई होती है।

Location :  Mainpuri

Published :  24 May 2026, 3:01 PM IST