मैनपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस शातिर को किया जिला बदर, पढ़िए पूरा मामला

मैनपुरी के थाना किशनी पुलिस ने शातिर अपराधी सुधीर उर्फ विनायक को दो माह के लिए जिला बदर किया। हत्या, पॉक्सो समेत कई संगीन मामलों में नाम दर्ज होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 February 2026, 5:56 PM IST

Mainpuri: अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना किशनी पुलिस ने इलाके में दहशत फैलाने वाले एक शातिर अपराधी पर बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से पुलिस और प्रशासन की नजर में चढ़ा यह अपराधी कानून-व्यवस्था के लिए सिरदर्द बना हुआ था। आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उसे जनपद की सीमा से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

दो महीने के लिए मैनपुरी से बाहर

थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम मनपुरा रामनगर निवासी सुधीर पुत्र बृजेश उर्फ विनायक उम्र करीब 32 साल को जिला बदर किया गया है। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भोगांव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई पूरी की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मैनपुरी द्वारा वाद संख्या 1905/2024 के तहत उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) में आदेश जारी किया गया। जिसके बाद पुलिस टीम ने जिला बदर नोटिस की विधिवत तामील कराई।

दिल्ली से आए युवक को मैनपुरी पुलिस ने फर्जी तरीके से भेजा जेल! पीड़ित ने SP ऑफिस जानकर Video में सुनाई दर्दभरी आपबीती

आपराधिक इतिहास ने बढ़ाई मुश्किलें

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुधीर का नाम कई संगीन मामलों में दर्ज है। साल 2015 में थाना किशनी में उसके खिलाफ हत्या जैसा गंभीर मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद साल 2023 में उस पर 354, 457, 506 भादवि और 7/8 पॉक्सो एक्ट जैसी धाराओं में मुकदमा कायम किया गया। इतना ही नहीं, साल 2024 में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ। लगातार आपराधिक गतिविधियों ने प्रशासन को कड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया।

कन्नौज सीमा तक छोड़ा गया आरोपी

कार्रवाई के दौरान थाना किशनी प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने आरोपी को जनपद कन्नौज की सीमा पर छोड़ते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि दो माह की अवधि में वह मैनपुरी की सीमा में पाया गया तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की धारा 10 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मैनपुरी में गजब का खेल: भाई की मौत के बाद पहचान बदली, सरकारी नौकरी पर सालों तक कब्जा, जानें कैसे हुआ खुलासा

अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जनपद में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 9 February 2026, 5:56 PM IST