हिंदी
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Mainpur: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद आजम उर्फ शहंशाह के रूप में हुई है। वह जयपुर से अपने घर लौटा था। गोली लगने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए सैफई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद आजम जयपुर से अपने घर लौटा था। घटना के समय वह घर में अकेला था, जबकि उसकी मां गुरसहायगंज गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवक घायल अवस्था में मिला। परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन सैफई पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बरामद तमंचे को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे गोली कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बरामद सामान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 9 October 2026, 8:12 PM IST
Topics : Country Made Pistol Recovered Forensic Team Four Live Cartridges mainpuri news Suspicious Death Case