
महिला और युवक अस्पताल में इलाज के दौरान (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Mahoba: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में जहरीला पदार्थ खाने की दो अलग-अलग घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही गांव में महिला और युवक द्वारा सल्फास खाने की खबर से ग्रामीण भी सकते में हैं। इस दर्दनाक घटना में 35 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 27 वर्षीय युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना गांव निवासी अमरचंद के घर की है। बताया जा रहा है कि अमरचंद खेत में मवेशी चराने गया हुआ था, जबकि उसके ससुर कोर्ट की तारीख पर महोबा आए थे। इसी दौरान उसकी पत्नी उर्मिला ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया।
घर में मौजूद 8 साल की मासूम बेटी ने मां की हालत बिगड़ते देख तुरंत अपने पिता को फोन पर सूचना दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उर्मिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
महिला की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। मृतका के पति अमरचंद का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था और सब कुछ सामान्य था। वहीं मृतका के मामा सीताराम राजपूत ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अब इन आरोपों को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।
इसी गांव की दूसरी घटना में छक्कू के 27 वर्षीय पुत्र अशोक ने भी सल्फास की गोली खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों के मुताबिक घर में चाचा की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भाभियों ने बुंदेलखंडी परंपरा के अनुसार अशोक से हंसी-मजाक किया।
Mahoba News: दो दिन से थी किशोरी लापता; रेलवे ट्रैक पर पहुंची पुलिस के उड़े होश
बताया जा रहा है कि मजाक से आहत होकर अशोक ने गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोली खा ली। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अस्पताल के डॉक्टर नवीन चौहान ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि युवक की हालत नाजुक है।
Location : Mahoba
Published : 16 May 2026, 8:25 AM IST