
बेखौफ बदमाशों का आतंक! चार दुकानों के शटर के ताले तोड़े (Img: Google)
महराजगंज: जनपद के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र शनिचरिया मेन बाजार में शुक्रवार रात उस समय दहशत फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने चार दुकानों के शटर के ताले तोड़ दिए। घटना ने पूरे बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शनिवार सुबह जब व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और अन्य दुकानदार भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने रामचंदर, आनंद, जुबेर खान और हरिलाल की दुकानों को निशाना बनाया। सभी दुकानों के शटर के ताले टूटे मिले, जिससे साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे।
हालांकि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी भी दुकान से नकदी या सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद व्यापारी इसे बेहद गंभीर घटना मान रहे हैं। उनका कहना है कि यदि बदमाश सफल हो जाते तो लाखों रुपये का नुकसान हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की। व्यापार मंडल ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं।
व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
महराजगंज में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
व्यापारियों ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 30 May 2026, 10:17 AM IST