
पीड़िता ने की शिकायत
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर खुद को जिंदा साबित करने की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसे कागजों में मृत घोषित कर उसकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची जा रही है। इस मामले ने स्थानीय प्रशासन और समाज में हलचल मचा दी है, क्योंकि इसमें हल्का लेखपाल, स्थानीय पुलिस और गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मर्यादपुर टोला सेवतरा निवासी सहरून निशा की शादी मर्यादपुर निवासी मकबूल के साथ हुई थी। जानकारी के अनुसार, इस दंपति का एक बेटा भी है। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई, जिसके चलते सहरून निशा ने मकबूल से अलग होकर सेवतरा निवासी ईदू के साथ दूसरी शादी कर ली। सहरून का आरोप है कि इसके बाद उसे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। अब उसे बार-बार विभिन्न जगहों पर जिंदा होने का सबूत पेश करना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल उसके लिए मानसिक तनाव का कारण बनी है, बल्कि उसकी संपत्ति और अधिकारों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
कागजों में छेड़छाड़ का गंभीर आरोप
दरअसल, सहरून निशा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते हुए हल्का लेखपाल, स्थानीय पुलिस और गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों पर कागजों में हेराफेरी कर उसे मृत घोषित करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि यह सारा षड्यंत्र उनके बेटे की संपत्ति को हड़पने के लिए रचा गया है। सहरून का दावा है कि इस साजिश में शामिल लोग न केवल उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं, बल्कि उनकी पहचान को भी मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।
महिला ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
सहरून निशा ने डाइनामाइट संवाददाता को बताया कि यह पूरा मामला उनके बेटे की संपत्ति को हथियाने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और साजिश में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। सहरून का कहना है कि वह इस अन्याय के खिलाफ लड़ेंगी और अपने हक को हर हाल में हासिल करेंगी।
Location : Maharajganj
Published : 27 May 2025, 12:15 PM IST