सीमा पार तस्करी पर बड़ा प्रहार: SDM, CO ने पकड़ा 3 लाख का विदेशी माल, नेपाल भेजने की थी तैयारी

ठूठीबारी पुलिस ने लक्ष्मीपुर खुर्द में छापेमारी कर नेपाल तस्करी के लिए कथित रूप से रखे गए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के विदेशी खाद्य उत्पाद बरामद किए हैं। पुलिस ने माल को कस्टम एक्ट की धारा 111 के तहत जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 2:25 PM IST

Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य की विदेशी खाद्य सामग्री बरामद की है। यह माल कथित रूप से नेपाल भेजने के उद्देश्य से स्टॉक कर रखा गया था। पुलिस ने बरामद सामान को कस्टम एक्ट की धारा 111 के तहत कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीमावर्ती क्षेत्रों पर चलाया जा रहा अभियान

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी निचलौल अनिरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में छापेमारी की।

Dynamite News Exclusive: चोरी हुआ ट्रांसफार्मर, ठप हुई सिंचाई; फसल बर्बादी के डर से किसानों ने उठाए सवाल

छापेमारी में क्या हुआ बरामद?

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सानू कुमार यादव पुत्र शिवशरण यादव के घर से भारी मात्रा में विदेशी खाद्य उत्पाद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह सामान नेपाल में अवैध रूप से भेजे जाने के लिए जमा किया गया था। बरामद माल में विदेशी ब्रांड के बिस्किट और पोटैटो चिप्स शामिल हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान में 120 गत्ता मालकिस्ट (MALKIST) बिस्किट, जिसमें प्रत्येक गत्ते में 60 पैकेट हैं, 9 गत्ता प्रिंगल्स (PRINGLES) पोटैटो क्रिस्प्स 107 ग्राम और 39 गत्ता प्रिंगल्स पोटैटो क्रिस्प्स 40 ग्राम शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक बरामद खाद्य सामग्री विदेशी मूल की है और इसे सीमा पार भेजने की तैयारी की जा रही थी।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए बनी चुनौती

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में ठूठीबारी पुलिस की यह कार्रवाई तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद माल का स्रोत क्या है और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Dynamite News Exclusive: 5 साल से टूटी सड़क, अंधेरे में गांव और गंदगी का अंबार! चौपाल में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में अवैध कारोबार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है और सीमावर्ती इलाके में सक्रिय नेटवर्क पर बड़ा दबाव बना है।

Location :  Maharajganj

Published :  10 June 2026, 2:25 PM IST