महराजगंज में सोने के आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए बैठक में मंथन

महराजगंज में बढ़ते सोने के आयात पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन और सर्राफा व्यापारियों की बैठक हुई। गोल्ड बार-बुलियन बिक्री कम करने और पुराने सोने के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। व्यापारियों ने जागरूकता अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।

Maharajganj: महराजगंज में देश में बढ़ते सोने के आयात को नियंत्रित करने और घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन, राज्य कर विभाग और सर्राफा व्यापारियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की।

बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की अपील तथा उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में सोने के आयात को कम करने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह किसी प्रकार की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं है, बल्कि एक स्वैच्छिक जागरूकता अभियान है।

गोल्ड बार और बुलियन बिक्री पर चर्चा

बैठक में गोल्ड बार और बुलियन की सीधे ग्राहकों को बिक्री को हतोत्साहित करने के मुद्दे पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य अनावश्यक सोने के आयात पर निर्भरता को कम करना है, ताकि देश की अर्थव्यवस्था पर वैश्विक परिस्थितियों के प्रभाव को कम किया जा सके।

Maharajganj: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, बारात से लौट रहे दोस्तों के साथ दिल दहला देने वाला हादसा

मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आभूषणों का व्यापार पूर्व की तरह जारी रहेगा, क्योंकि यह लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य व्यापार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि आयात को नियंत्रित करना है।

पुराने सोने के पुनः उपयोग पर जोर

बैठक में पुराने सोने के पुनः उपयोग और रिडिजाइनिंग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त राज्य कर मनोज विश्वकर्मा ने सुझाव दिया कि घरों में पड़े पुराने सोने को यदि नए डिजाइनों में बदला जाए, तो इससे न केवल आयात पर निर्भरता घटेगी, बल्कि स्थानीय सर्राफा बाजार को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों को पुराने आभूषणों के रिडिजाइन के लिए प्रेरित करें और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Maharajganj: वर-वधू को समाजवादी नेताओं ने दिया आशीर्वाद, भोजपुरी के दिग्गज कलाकारों ने जीता दिल

सर्राफा व्यापारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन

बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारियों और उनके संगठनों ने प्रशासन की पहल का समर्थन किया और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप ग्राहकों के बीच जागरूकता फैलाने में मदद करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम लंबे समय में उद्योग और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है, बशर्ते इसे संतुलित तरीके से लागू किया जाए।

अधिकारियों और व्यापारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, उपायुक्त राज्य कर मनोज विश्वकर्मा, सहायक आयुक्त प्रियंका श्रीवास्तव, राज्य कर अधिकारी पूजा पाल, भानु प्रताप सिंह, प्रवेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सर्राफा व्यापारियों की ओर से राजेन्द्र वर्मा, हरिशंकर वर्मा, वैष्णो कुमार सोनी समेत सर्राफा संघ के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी बैठक में शामिल हुए।

Location :  Maharajganj

Published :  19 May 2026, 10:47 AM IST

Advertisement