
सत्यम जायसवाल ने NEET-UG 2026 में हासिल की AIR 4872 (Img: Dynamite News)
Maharajganj: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के घोषित परिणाम में फरेंदा के होनहार छात्र सत्यम जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में 621 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4872 हासिल कर परिवार, शिक्षकों, क्षेत्र और पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया।
स्कोरकार्ड के अनुसार सत्यम ने 99.7510869 पर्सेंटाइल हासिल की है। विषयवार प्रदर्शन भी बेहद उत्कृष्ट रहा। उन्होंने फिजिक्स में 99.6436813, केमिस्ट्री में 99.5090742 और बायोलॉजी में 98.8594401 पर्सेंटाइल प्राप्त की। देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक NEET-UG में यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासित तैयारी का परिणाम मानी जा रही है।
सत्यम के पिता आशीष जायसवाल और माता ज्योति जायसवाल ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना डॉक्टर बनने का था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और लगातार अभ्यास किया। सत्यम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत को देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वह एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहते हैं।
सत्यम जायसवाल की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता फरेंदा ही नहीं, बल्कि पूरे महराजगंज जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Location : Maharajganj
Published : 17 July 2026, 1:01 PM IST
Topics : AIR 4872 Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) NEET UG 2026 Result NEET Topper Satyam Jaiswal