
कार्यालय से बाहर पहुंचे डीएम शिवशरणप्पा जीएन। (Img : Dynamite News)
महराजगंज: जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन का संवेदनशील अंदाज देखने को मिला। अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे दिव्यांग और अन्य फरियादियों से मुलाकात करने के लिए डीएम खुद कार्यालय से बाहर आए। इस दौरान उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठे दिव्यांग व्यक्ति के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई में तीन अलग-अलग प्रार्थना पत्रों के माध्यम से लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें 10 साल दिव्यांग बच्चे की स्वीकृत पेंशन खाते में नहीं पहुंचने, 85 साल बुजुर्ग के 44 साल पुराने जमीन विवाद और एक गरीब दिव्यांग व्यक्ति का अंत्योदय राशन कार्ड नहीं बनने का मामला शामिल रहा।
सिसवा ब्लॉक के मधवलिया निवासी अमीन पुत्र हरिलाल ने अपने 10 साल दिव्यांग बेटे हिमांशु की पेंशन को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है। उसकी दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन किया गया था, जो स्वीकृत भी हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक खाते में पेंशन की एक भी किस्त नहीं पहुंची है।
अपने चैंबर से बाहर आकर दिव्यांग पीड़ितों की समस्या सुनते डीएम।
अमीन ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारी को निर्देशित कर स्वीकृत पेंशन की धनराशि खाते में भेजवाने की मांग की।
दूसरे प्रार्थना पत्र में 85 साल बुजुर्ग अधारे ने जमीन विवाद को लेकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि रामपुर मीर और बड़हरा मीर मौजे में स्थित कृषि भूमि को लेकर पिछले करीब 44 वर्षों से विवाद चल रहा है।
उनके अनुसार, पत्ती पत्नी स्वर्गीय राजबली ने अपनी संपत्ति का पंजीकृत वसीयतनामा उनके पक्ष में किया था। इसके बावजूद राजस्व अभिलेखों में उनका नाम दर्ज नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष कथित फर्जी और अपंजीकृत वसीयतनामे के आधार पर विवाद खड़ा कर रहा है और भूमि पर उनके अधिकारों में हस्तक्षेप कर रहा है।
प्रार्थी ने बताया कि मामला अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सदर, महराजगंज के न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने पंजीकृत वसीयत के आधार पर राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज कराने और भूमि पर किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप रोकने की मांग की।
तीसरे मामले में दिव्यांग एवं गरीब फरियादी मेहदी हसन ने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के नाम से पहले पात्र गृहस्थी राशन कार्ड बना हुआ था, लेकिन वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान उनकी पत्नी को मृतक दर्शाकर राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया।
इसके बाद से वह लगातार ब्लॉक और तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनका राशन कार्ड नहीं बन सका है। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति और दिव्यांगता का हवाला देते हुए मामले की जांच कर पात्रता के आधार पर अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराने की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। खास बात यह रही कि दिव्यांग फरियादियों से मिलने के लिए वह स्वयं अपने कार्यालय से बाहर आए और व्हीलचेयर पर बैठे व्यक्ति के पास पहुंचकर उनकी पीड़ा जानी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रार्थना पत्रों की गंभीरता से जांच की जाए और नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में सामने आए इन तीन मामलों ने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही परेशानियों और वर्षों से लंबित भूमि विवाद की स्थिति को उजागर किया। अब फरियादियों को जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों की कार्रवाई और न्याय मिलने का इंतजार है।
Location : Maharajganj
Published : 18 November 2026, 1:14 PM IST