
मदारपुर में गंदे पानी से सडकें भरी (Img: Dynamite News)
Badaun: मदारपुर गांव की गलियों में कई दिनों से गंदा पानी भरा हुआ है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। हालात ऐसे हैं कि गंदा पानी अब कई घरों तक पहुंच गया है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण पूरे गांव का वातावरण दूषित हो गया है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Badaun News: एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी… 14 साल के बच्चे की दर्दनाक कहानी
समस्या से परेशान होकर गांव के दर्जनों ग्रामीण बुधवार को सहसवान एसडीएम गौरव आर्य से मिले और उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ने मौके पर ही दहगवां के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को 24 घंटे के भीतर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम के निर्देश के 24 घंटे बाद भी विकासखंड कार्यालय से कोई अधिकारी या कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा। नालियों की सफाई नहीं कराई गई और न ही जलनिकासी के लिए कोई कदम उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि आदेश केवल कागजों तक सीमित रह गया है और जमीन पर कोई बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है।
प्रशासन की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर गांव को जलभराव और गंदगी से राहत दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जलभराव के कारण लोगों का स्वास्थ्य और जनजीवन दोनों प्रभावित होंगे।
Location : Badaun
Published : 7 August 2026, 2:24 PM IST
Topics : Badaun News Madarpur UP News