बड़ी खबर: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे हुआ फ्री, अब यात्रियों से नहीं वसूला जाएगा टोल टैक्स, जानें क्यों

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने की शिकायतों के बाद NHAI ने बड़ा फैसला लिया है। सड़क पूरी तरह ठीक होने तक एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। साथ ही निर्माण कंपनी को नॉन-परफॉर्मर घोषित कर दिया गया है और मरम्मत का खर्च भी कंपनी को उठाना होगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 4:04 PM IST

Lucknow: बारिश के बीच बार-बार धंस रही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क को लेकर अब बड़ा एक्शन लिया गया है। यात्रियों की परेशानी और सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स वसूली रोकने का फैसला किया है। NHAI ने साफ कर दिया है कि जब तक एक्सप्रेसवे पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हो जाता, तब तक वाहन चालकों से किसी भी तरह का टोल नहीं लिया जाएगा।

सड़क में खराबी के बाद NHAI सख्त

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बारिश के दौरान कई जगह सड़क धंसने और निर्माण में खामियों की शिकायतें सामने आई थी। इसके बाद NHAI ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। NHAI ने एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी को नॉन-परफॉर्मर घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि अब इस कंपनी को NHAI की ओर से भविष्य में किसी नए काम की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

182.30 करोड़ गन्ना भुगतान, जर्जर बिजली लाइन और किसान सुरक्षा… लखनऊ में सरकार के सामने रखीं बड़ी मांगें

निर्माण कंपनी पर होगी मरम्मत की जिम्मेदारी

NHAI के रीजनल मैनेजर गौतम विशाल ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें ठीक करने में करीब 3 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस पूरे खर्च को भी निर्माण कंपनी को ही उठाना होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे को सुरक्षित और बेहतर स्थिति में लाना प्राथमिकता है। जब तक सड़क पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाती, तब तक टोल वसूली नहीं की जाएगी।

26 जुलाई को सामने आई थी सड़क धंसने की घटना

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर 26 जुलाई को किलोमीटर संख्या 64 के पास सड़क पर स्लिपेज की समस्या सामने आई थी। जानकारी मिलते ही संबंधित हिस्से को तुरंत ठीक कराया गया था। इसके अलावा जहां-जहां सड़क में इस तरह की समस्या या शिकायत मिली, वहां भी लगातार मरम्मत का काम कराया गया। हालांकि बारिश के कारण बार-बार सामने आ रही परेशानियों के बाद NHAI ने अब सख्त कदम उठाया है।

आगरा की कंपनी ने बनाया है एक्सप्रेसवे

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का निर्माण आगरा की पीएनसी कंपनी ने किया है। कंपनी से जुड़ी जानकारी के मुताबिक पीएनसी के मालिक बीजेपी राज्यसभा सांसद नवीन जैन के भाई प्रदीप जैन हैं। NHAI की कार्रवाई के बाद अब निर्माण कंपनी पर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यात्रियों को राहत देते हुए टोल फ्री कर दिया गया है।

Location :  Lucknow

Published :  5 August 2026, 4:02 PM IST