लखनऊ बनेगा AI का बड़ा केंद्र? योगी सरकार ने बढ़ाए कदम, जानिए कहां बनेगी सिटी

लखनऊ को AI और आधुनिक तकनीक का नया केंद्र बनाने की तैयारी तेज हो गई है। योगी सरकार की प्रस्तावित AI सिटी के लिए वृन्दावन IT सिटी को सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। परियोजना में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों से 25 से अधिक प्रस्ताव मिले हैं। क्या लखनऊ बनेगा AI कंपनियों का नया ठिकाना?

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 October 2026, 6:26 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश को आधुनिक तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में योगी सरकार ने लखनऊ AI सिटी परियोजना पर काम तेज कर दिया है। इस परियोजना के जरिए राजधानी लखनऊ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों, निवेशकों और तकनीकी उद्यमों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित AI सिटी के लिए वृन्दावन IT सिटी को सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। वहीं, परियोजना में संभावित साझेदारी के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों से 25 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

वृन्दावन IT सिटी में विकसित हो सकता है AI-बिजनेस पार्क

लखनऊ में AI सिटी स्थापित करने के लिए तैयार की गई प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट में भूमि चयन, परियोजना की अवधारणा, विकास की संरचना और देश-दुनिया में मौजूद समान परियोजनाओं का आकलन किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर वृन्दावन IT सिटी को प्रस्तावित AI सिटी-कम-बिजनेस पार्क के लिए सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य AI आधारित उद्योगों के विकास के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा और अनुकूल कारोबारी माहौल तैयार करना है। इससे तकनीक आधारित कंपनियों और नवाचार से जुड़े उद्यमों को लखनऊ में अपनी गतिविधियां शुरू करने या विस्तार करने के अवसर मिल सकते हैं।

CM योगी के एक वीडियो ने बदल दी जिंदगी, अब केरल की अरुंधति ने लिखा भावुक पत्र; शादी में आने की खास अपील

आकर्षित करने के लिए मिले 25 से ज्यादा प्रस्ताव

प्रस्तावित AI सिटी में रणनीतिक सहयोग विकसित करने और AI आधारित कंपनियों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय हितधारकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। इसके लिए 26 जुलाई 2025 को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया गया था। इसके जवाब में 25 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों को परियोजना में संभावित साझेदारों की रुचि के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

विकास और निवेश के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति

AI सिटी-कम-बिजनेस पार्क की योजना बनाने, विकास की रूपरेखा तैयार करने और निवेश जुटाने के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई (PMU) स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इसके तहत ट्रांजेक्शन एडवाइजर और कंसल्टेंसी संस्था की नियुक्ति की गई है। परियोजना से जुड़ी परामर्शी सेवाओं के लिए निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कंसल्टेंट का चयन भी किया गया है। निर्धारित निर्देशों के मुताबिक, कंसल्टेंट को नियुक्ति की तारीख से एक वर्ष के भीतर भूमि के संबंध में अंतिम निर्णय लेने और मास्टर डेवलपर को परियोजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ानी है।

यूपी में कोहरे के दौरान कैसे रुकेंगे सड़क हादसे? योगी सरकार ने तैयार किया सुरक्षा प्लान

रोजगार और तकनीकी निवेश की नई संभावनाएं

लखनऊ AI सिटी परियोजना के आकार लेने पर राजधानी में तकनीकी कंपनियों, AI आधारित स्टार्टअप, अनुसंधान और डिजिटल नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही तकनीकी कौशल विकसित करने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं भी बन सकती हैं। योगी सरकार की इस पहल का व्यापक लक्ष्य उत्तर प्रदेश को उभरती तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।

Location :  Lucknow

Published :  19 October 2026, 6:26 PM IST