
पुलिस की प्रेस वार्ता
Muzaffarnagar : थाना रामराज क्षेत्र में हुई अपहरण और लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपियों ने युवक को फंसाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पुरानी रंजिश निकालने के लिए पहले युवक को एक प्रेमिका के जरिए सोशल मीडिया पर बातचीत में उलझाया गया, फिर मिलने के बहाने बुलाकर उसका अपहरण कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि युवक को भरोसे में लेने के बाद आरोपियों ने उसे सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने जबरन उसे कार में बैठा लिया। इसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई और उससे नगदी, एटीएम कार्ड व अन्य सामान लूट लिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
इस मामले में एसपी ग्रामीण अक्षय महादिक ने खुलासा करते हुए बताया कि थाना रामराज पुलिस और एसओजी देहात टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख, शमरेज और अरमान के रूप में हुई है।यह मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव मुझेडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, टीवीएस मोटरसाइकिल, पीड़ित का एटीएम कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा लूटी गई रकम में से 3150 रुपये नकद, एक 32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सोशल मीडिया पर फर्जी तरीके से दोस्ती बढ़ाई और युवक को जाल में फंसा लिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि कहीं इस तरह की और घटनाओं में भी यह गैंग शामिल तो नहीं रहा।
एसपी ग्रामीण अक्षय महादिक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 May 2026, 1:15 AM IST