Deoria News: शिक्षा के मंदिर में शराब की बोतल, सूख गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के पौधे; CDO ने दिए जांच के आदेश

देवरिया के एक विद्यालय परिसर में शराब की खाली बोतल और चखने का पैकेट मिलने से शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी परिसर में बीईओ कार्यालय भी संचालित होता है। वहीं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए करीब 25 पौधे भी सूख गए। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 1:47 PM IST

Deoria: देवरिया से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस विद्यालय परिसर में बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का दावा किया जाता है, उसी परिसर में शराब की खाली बोतल और चखने का पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि इसी परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का कार्यालय भी संचालित होता है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर स्कूल परिसर तक यह आपत्तिजनक सामग्री कैसे पहुंची और जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी। वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए करीब 25 पौधे भी सूख गए, जिससे सरकारी अभियान की जमीनी हकीकत पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

स्कूल परिसर में शराब की बोतल मिलने से मचा हड़कंप

मामला देवरिया जिले के एक विद्यालय परिसर का है, जहां बच्चों की पढ़ाई के बीच शराब की खाली बोतल और चखने का पैकेट मिलने की जानकारी सामने आई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जहां बच्चे रोज पढ़ने आते हैं, वहां इस तरह की सामग्री का मिलना बेहद गंभीर मामला है। लोगों का कहना है कि स्कूल सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है।

पत्थरबाजी, विरोध और फिर भारी पुलिस बल… देवरिया के लवकनी गांव में आखिर क्या हुआ? जानिए पूरा मामला

बीईओ कार्यालय भी उसी परिसर में

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस परिसर में शराब की बोतल मिली, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का कार्यालय भी संचालित होता है। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अधिकारी रोज इसी परिसर में आते-जाते हैं, तो फिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के पौधे भी सूखे

मामले में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए करीब 25 पौधे सूख गए हैं। सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रही है और उनकी नियमित देखभाल पर भी जोर दे रही है। लेकिन शिक्षा विभाग के परिसर में ही पौधों का सूख जाना यह संकेत देता है कि उनकी देखरेख में गंभीर लापरवाही बरती गई।

देवरिया में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर DM-SP का बड़ा बयान, पत्थरबाजों पर होगी सख्त कार्रवाई, गांव में हालात सामान्य

CDO ने दिए जांच के आदेश

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने कहा कि यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि विद्यालय परिसर में शराब की बोतल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  31 July 2026, 1:47 PM IST