गोरखपुर में भाजपा सरकार पर बरसे माता प्रसाद पांडे बोले- भगवान भरोसे चल रही सरकार

महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला। गोरखपुर में बोले- जनता नहीं, भगवान बताए चल रही सरकार, फर्जी एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 2:51 PM IST

Gorakhpur : प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने गोरखपुर दौरे के दौरान सरकार को घेरते हुए कहा कि मौजूदा सरकार जनता के भरोसे नहीं, बल्कि “भगवान भरोसे” चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है।

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर साधा निशाना

गोरखपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता आज महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा सरकार महंगाई के नाम पर जनता से “वसूली” कर रही है और यही बढ़ती महंगाई आने वाले समय में सरकार के खिलाफ माहौल बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब सरकार ने जनता को राहत नहीं दी, लेकिन अब दाम बढ़ने पर उसका पूरा बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है।

ऑपरेशन कनविक्शन का असर: दुष्कर्म मामले में दोषी को 10 साल की सजा, गोरखपुर कोर्ट का बड़ा फैसला

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहले दावा करती थी कि देश में एक साल का डीजल, पेट्रोल और गैस का भंडार मौजूद है। आज हालात यह हैं कि आम जनता महंगे ईंधन और गैस सिलेंडर से परेशान है। बढ़ती कीमतों का असर किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है।

फर्जी एनकाउंटर के मुद्दे पर भी उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर की घटनाएं बढ़ रही हैं और इस मुद्दे को विधानसभा में भी कई बार उठाया जा चुका है। आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था के नाम पर सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है।

सपा नेताओं ने किया स्वागत

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, एमएलसी प्रत्याशी कमलेश यादव, रामनाथ यादव, अवधेश यादव, प्रहलाद यादव, विजय बहादुर यादव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी और मिर्जा कादिर बेग सहित कई नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 May 2026, 2:51 PM IST