
ग्रामीणों के बीच हुई गोलीबारी (Img : .pinterest)
Shamli : कैराना इलाके में सोमवार देर रात बदमाशों की गोलीबारी ने सनसनी फैला दी। तीतरवाड़ा गांव में एक व्यक्ति की हत्या करने पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने ग्रामीणों के विरोध पर फायरिंग कर दी। बदमाशों का पीछा कर रहे ग्रामीणों के बीच हुई गोलीबारी में 35 साल मजदूर तसव्वर के पेट में गोली लग गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती तसव्वर ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात तीतरवाड़ा गांव में कुछ नकाबपोश बदमाश सद्दाम की हत्या के इरादे से पहुंचे थे। गांव में संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वहां से भागने लगे। इसके बाद ग्रामीण भी बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े।
पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने गांव की ईदगाह के पास भी फायरिंग की। इसी दौरान सड़क पर टाइल लगाने का काम करने वाले 35 वर्षीय तसव्वर के पेट में गोली जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी और पीछा करने के दौरान ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बापौली निवासी मुबारिक और मंडावर निवासी सोनिज के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
तसव्वर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह पत्नी और चार बच्चों का पिता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस मौत से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, तसव्वर के भाई फुरकान उर्फ मोटे का 22 अक्टूबर 2017 को बुढ़ाना पुलिस के साथ एनकाउंटर हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड में तसव्वर के खिलाफ भी छह मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Shamli
Published : 25 August 2026, 1:12 PM IST
Topics : crime news crime news UP murder Shamli Titarwada