Kushinagar News: यूपी-बिहार सीमा से सटे गांवों में दो दिनों से फैले दहशत का खुला राज

कुशीनगर के जटहा बाजार थाना क्षेत्र और यूपी-बिहार सीमा से जुड़े गांवों में पिछले दो दिनों से फैली दहशत की वजह आखिरकार साफ हो गई। जिसे ग्रामीण बाघ समझ रहे थे, वह तेंदुआ निकला। तेंदुए के लगातार हमलों में कई लोग घायल हुए हैं। वन विभाग और पुलिस की टीम उसे पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 May 2026, 11:54 AM IST

Kushinagar: उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के जटहा बाजार थाना क्षेत्र और यूपी-बिहार सीमा से सटे गांवों में पिछले दो दिनों से फैली दहशत का कारण आखिरकार सामने आ गया। ग्रामीण जिस हिंसक जानवर को बाघ समझ रहे थे, वह तेंदुआ निकला। शुक्रवार सुबह पुर्नहा मिश्र गांव में लोगों ने उसे साफ तौर पर देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही गांवों में डर का माहौल और गहरा गया।

आबादी के बीच घिरा तेंदुआ

शुक्रवार सुबह तेंदुआ पुर्नहा मिश्र गांव की आबादी के बीच एक घर के पास घिर गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम वन रेंजर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुट गई। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए जाल और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है।

Maharajganj: अंडे के पैसे मांगना पड़ा भारी! चौराहे पर मची अफरा-तफरी

हालांकि भीड़ के कारण वन विभाग को अभियान चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने लोगों को तेंदुए से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी हालत में ग्रामीण खुद तेंदुए को पकड़ने की कोशिश न करें।

लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर यह हिंसक जानवर बिहार के मंझरिया क्षेत्र में भी देखा गया था। इसके बाद यूपी-बिहार सीमा पर बांध के पास चिरईहवा पानी टंकी के निकट बाइक सवार बिहार निवासी शारीरिक शिक्षक सुनील कुमार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए।

देर रात जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा गांव निवासी उमेश गिरि पर भी तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर धूस ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके अलावा एक महिला समेत कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। अब तक करीब आधा दर्जन लोग तेंदुए के हमले का शिकार हो चुके हैं।

West Bengal CM: बंगाल में आज खत्म होगा सस्पेंस! भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी देशभर की नजर

रातभर पहरा देते रहे ग्रामीण

लगातार हो रहे हमलों के बाद सीमावर्ती गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रातभर लाठी-डंडों के सहारे पहरा देते नजर आए। कई परिवारों ने बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर निकलने से रोक दिया है।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे इलाके में निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेतों या सुनसान जगहों पर न जाने की सलाह दी है। फिलहाल तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी है।

Location :  Kushinagar

Published :  8 May 2026, 11:54 AM IST