
Kushinagar Food Poisning Case (Source: Dynamite News)
Kushinagar: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शादी समारोह के बाद बची बासी बिरयानी खाने से एक ही परिवार और रिश्तेदारों के 13 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज में भर्ती कराया गया। बीमारों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं।
मामला तमकुहीराज क्षेत्र के गोड़ईता श्रीराम गांव का है। गांव के रहने वाले हुसैन अली की बेटी की शादी को लेकर मंगलवार रात हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम हुआ था। कार्यक्रम में मेहमानों और परिवार के लिए मुर्गे की बिरयानी बनवाई गई थी। रात में कार्यक्रम खत्म होने के बाद काफी बिरयानी बच गई।
बुधवार सुबह परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने वही बची हुई बिरयानी खा ली। कुछ घंटे बाद अचानक लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। एक के बाद एक 13 लोगों की तबीयत बिगड़ने से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन सभी बीमारों को तुरंत सीएचसी तमकुहीराज लेकर पहुंचे।
एक साथ इतने मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में हड़कंप की स्थिति बन गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु मिश्रा, डॉ. संजय प्रसाद और डॉ. मजहर अली की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। मरीजों को ड्रिप और जरूरी दवाएं दी गईं।
फतेहपुर में अपनी ही जमीन पर जाने से डर रही महिला, आखिर किसका है इतना खौफ?
डॉ. हिमांशु मिश्रा के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। गर्मी और उमस में रखा खाना जल्दी खराब हो जाता है। फिलहाल 4 मरीजों की हालत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी मरीजों का इलाज जारी है और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बीमारों में आरिफ, अलसिफा, नजीफा, नाजिया, असरफ, आयान, आर्यन, दिलशाद और शाहिद समेत कई बच्चे शामिल हैं। वहीं महिलाओं में अरबीना, रुबीना, सदरुन नेशा और मरियम का इलाज किया गया। डॉक्टरों ने लोगों से गर्मी के मौसम में बासी खाना खाने से बचने की अपील की है।
Location : Kushinagar
Published : 1 July 2026, 6:53 PM IST
Topics : Biryani food poisoning Kushinagar Tamkuhiraj UP News