हिंदी
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर
Kushinagar: कुशीनगर में किसान दिवस के दौरान प्रशासन ने साफ कर दिया कि अब कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को पहले अपनी पहचान सिस्टम में दर्ज करानी होगी। जिलाधिकारी ने सख्त शब्दों में कहा कि ‘फार्मर रजिस्ट्री’ के बिना किसी भी सरकारी योजना का फायदा नहीं मिलेगा।
कुशीनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत उप-कृषि निदेशक द्वारा पिछले माह की शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने से हुई, जिसमें कई मुद्दों के समाधान की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसानों की रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। जिन किसानों के नाम खतौनी में अलग-अलग दर्ज हैं और रजिस्ट्री में दिक्कत आ रही है, उन्हें जल्द से जल्द तहसील स्तर पर संशोधन कराने की सलाह दी गई। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी करें, जिससे किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।
बैठक में किसानों ने गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना भुगतान लंबित होने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को तुरंत नोटिस जारी कर भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा चक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठी, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किसानों के साथ की बैठक (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बिजली कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने को कहा। इंडिया मार्का हैंडपंपों की खराब स्थिति पर भी संज्ञान लेते हुए उन्होंने पूरे जिले में सूची तैयार कर रिबोर कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों से फसल कटाई के दौरान रीपर मशीन का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि, खाद्य और विपणन विभाग ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अंत में अधिकारियों ने किसानों से रजिस्ट्री कराने का पुनः अनुरोध किया।
Location : Kushinagar
Published : 15 April 2026, 6:43 PM IST