एक्शन मोड में कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह तंवर, मतदाता सूची सुधार अभियान को मिली रफ्तार

कुशीनगर में 18 जनवरी 2026 को विशेष बूथ दिवस का आयोजन किया गया। सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO ने मतदाताओं को नाम जांच, संशोधन और नए पंजीकरण की सुविधाएं दीं। जिलाधिकारी ने कई बूथों का निरीक्षण किया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 January 2026, 6:35 PM IST

Kushinagar: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत रविवार को कुशीनगर जिले की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष बूथ दिवस का सफल आयोजन किया गया। 18 जनवरी 2026 को हुए इस आयोजन में जिले के सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय पर मौजूद रहे और मतदाताओं को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई गई। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली और लोगों ने अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच करवाई।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का पाठन, नाम खोजने में मिली मदद

विशेष बूथ दिवस के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों ने ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल यानी प्रारूप मतदाता सूची का पाठन कर मतदाताओं को सुनाया। साथ ही लोगों को सूची में अपना नाम खोजने में मदद की गई। जिन मतदाताओं के नाम, उम्र, पता या फोटो में त्रुटि पाई गई, उनसे संशोधन के सुझाव लिए गए। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी मौके पर दी गई।

जिलाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

प्रशासनिक स्तर पर भी पूरे आयोजन पर कड़ी नजर रखी गई। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सरपतही खुर्द के बूथ संख्या 137 और 138 तथा खड्डा बुजुर्ग के बूथ संख्या 188, 189 और 190 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से फॉर्म-6 भरने की स्थिति, आधार से जुड़े सत्यापन की स्थिति और धुंधली फोटो के सुधार की प्रक्रिया की जानकारी ली।

मतदाताओं से सीधा संवाद, पारदर्शिता पर जोर

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। इसके साथ ही Unmapped Electors को दिए जा रहे नोटिस, नोटिस वितरण की स्थिति और नोटिस प्राप्ति की रसीद BLO ऐप पर समय से अपलोड हो रही है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।

कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, यही रहा उद्देश्य

प्रशासन का साफ कहना है कि विशेष बूथ दिवस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। मतदाताओं को पारदर्शी, सरल और भरोसेमंद सेवाएं देकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नाम और विवरणों की जांच जरूर कर लें।

Location : 
  • Kushinagar

Published : 
  • 18 January 2026, 6:35 PM IST