Kashi Vidyapeeth: दूसरे चरण की काउंसिलिंग शुरू, यूजी-पीजी परीक्षाओं का परिणाम जारी

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 सत्र के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया तेजी से जारी है। पढे़ं डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 18 June 2025, 2:19 PM IST

वाराणसी: विश्वविद्यालय में दूसरे चरण की काउंसिलिंग मंगलवार से शुरू हो गई, वहीं यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के परिणाम भी मंगलवार देर शाम जारी कर दिए गए।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, बीएससी टेक्सटाइल एंड हैंडलूम साइंस में पहले दिन 21 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए। इस पाठ्यक्रम में कुल 60 सीटें हैं, जिनमें से अब तक 30 पर ही आवेदन प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के तहत इस कोर्स की काउंसिलिंग हुई, जिसमें अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की गई। प्रवेश शुल्क भी कई अभ्यर्थियों द्वारा जमा कर दिया गया है। अब 18 जून को शेष बची 9 सीटों पर काउंसिलिंग होगी।

काशी विद्यापीठ में दूसरे चरण की काउंसिलिंग शुरू

प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने जानकारी दी कि इस चरण में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीमित आवेदन आए हैं। बीड्रामा (थियेटर आर्ट्स) में कुल 20 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि केवल 8 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया है। इन सभी को बुधवार को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। नियमानुसार, आवेदनों की संख्या कम होने पर भी सभी पात्र अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की जाएगी।

काशी विद्यापीठ महाविद्यालय, वाराणसी (फोटो सोर्स-इंटरनेट)

विशेष बात यह रही कि इस बार स्नातक में प्रवेश के लिए 15,000 से अधिक आवेदन आए हैं, लेकिन कुछ विशिष्ट पाठ्यक्रमों में रुचि अपेक्षाकृत कम देखी जा रही है। इससे विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को जागरूक करने और विकल्पों की जानकारी देने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

शोध प्रवेश प्रक्रिया पर भी जोर

काशी विद्यापीठ के हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग में 2023-24 की शोध प्रवेश प्रक्रिया के तहत शोध समिति की दो दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि ने बताया कि 30 जून और 1 जुलाई को सुबह 10 बजे से विभाग में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को पीपीटी और मूल प्रमाणपत्रों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने पर पूरी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों की ही होगी।

यूजी और पीजी परीक्षा परिणाम घोषित

काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के परिणाम मंगलवार देर शाम जारी कर दिए गए। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने जानकारी दी कि पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के नतीजे घोषित किए गए हैं। विश्वविद्यालय परिसर के 73 कोर्स और संबद्ध कॉलेजों के 46 कोर्स इस घोषणा में शामिल हैं।

परिसर में स्नातक के 20 कोर्स और स्नातकोत्तर के 53 कोर्स, जबकि कॉलेजों में स्नातक के 16 और पीजी के 27 कोर्स शामिल हैं। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बीए के परिणाम जल्द ही जारी किए जाएंगे।

Location :  Varanasi

Published :  18 June 2025, 2:19 PM IST