कौन हैं नए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर? जिन्हें गाजियाबाद-गोरखपुर से होते हुए अब मिली कानपुर शहर की कमान

उत्तर प्रदेश शासन ने देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया डीएम नियुक्त किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 September 2026, 8:48 AM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश शासन ने देर शाम एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कानपुर नगर के जिलाधिकारी में बदलाव किया है। इस फेरबदल के क्रम में, वर्तमान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह का तबादला करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने उन्हें अब उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का नया निदेशक नियुक्त किया है।

उनकी जगह पर अब 2015 बैच के तेज तर्रार आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कानपुर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और महानगरीय जिलों में शुमार है।

कौन हैं नए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर?

कानपुर की कमान संभालने जा रहे महेंद्र सिंह तंवर मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं। शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने बीटेक की डिग्री हासिल की है। सिविल सेवा में आने से पहले उन्होंने करीब दो साल तक प्राइवेट सेक्टर में भी कार्य किया था, जिससे उनके पास निजी और प्रशासनिक दोनों क्षेत्रों का अनुभव है।

गोरखपुर में विसर्जन के दौरान खूनी तांडव: डीजे पर डांस बना नासूर, 15 साल के छात्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

अपने अब तक के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वह गाजियाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष, शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) तथा बहराइच और एटा में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, वह संतकबीरनगर के डीएम भी रह चुके हैं और अप्रैल 2025 में उन्हें कुशीनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था। अब कुशीनगर के बाद उन्हें डेढ़ साल के भीतर कानपुर जैसे बड़े जिले की जिम्मेदारी मिली है।

जितेंद्र प्रताप सिंह का कार्यकाल और उपलब्धियां

कानपुर से स्थानांतरित किए गए पूर्व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनवरी 2025 में इस पद की कमान संभाली थी। लगभग 20 महीने के अपने इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपनी कार्यशैली से प्रशासनिक स्तर पर एक अलग पहचान बनाई।

अपने कार्यकाल में उन्होंने सरकारी विभागों के औचक निरीक्षण, दफ्तरों में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने का रुख अपनाया, जो काफी चर्चा में रहा। आम जनता के बीच उनकी लोकप्रियता खासी रही और उन्होंने जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। अब शासन ने उन्हें मंडी परिषद के निदेशक की नई जिम्मेदारी दी है।

यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, हरदोई, मुरादाबाद, एटा, कुशीनगर, कानपुर समेत 14 जिलों के डीएम बदले, 20 IAS भी इधर से उधर

कानपुर के नए डीएम के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां

कानपुर जैसे विशाल औद्योगिक और महानगर की कमान संभालना नए डीएम महेंद्र सिंह तंवर के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होगी। कार्यभार संभालने के बाद उनके समक्ष कई मोर्चों पर कड़ी चुनौतियां रहेंगी।

शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारना, रुकी या धीमी पड़ी विकास परियोजनाओं को गति देना, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। इसके अलावा, आम जनता की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण कराना भी उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी।

Location :  Kanpur

Published :  22 September 2026, 8:48 AM IST