Kanpur Dehat: अनजान लिंक पर क्लिक करना पड़ा भारी, खाते से उड़े 50 हजार

कानपुर देहात में साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शिवली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई पूरी रकम वापस करा दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 October 2026, 1:32 AM IST

Kanpur Dehat: साइबर ठगी के लगातार बढ़ते मामलों के बीच जनपद कानपुर देहात की शिवली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के शिकार एक व्यक्ति के खाते से निकाली गई पूरी रकम वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित ने शिवली पुलिस का धन्यवाद जताया।

सिर्फ एक क्लिक करना पड़ा भारी 

जानकारी के मुताबिक, जिले के शिवली कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव निवासी जितेन्द्र कुमार ने एक अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया था। इसके बाद साइबर ठगों ने कथित तौर पर उनके मोबाइल फोन को हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई।

पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद शिवली पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और साइबर धोखाधड़ी से संबंधित प्रक्रिया के तहत प्रयास करते हुए पीड़ित के खाते से निकाली गई रकम को वापस कराने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक 9 अक्टूबर 2026 को पीड़ित जितेन्द्र कुमार के खाते में 50 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने शिवली पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

Metro में सफर को लेकर DMRC का नया अपडेट, दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर आवाजाही बहाल

इन बातों का रखें ध्यान

पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक के माध्यम से बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें।

 हत्या या आत्महत्या? कानपुर देहात में घर के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज

पुलिस की अपील

जिले की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। मोबाइल फोन खोने की स्थिति में CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

 

Location :  Kanpur Dehat

Published :  11 October 2026, 1:30 AM IST