Kanpur News: खेलते-खेलते पानी के टैंक में समा गया 3 साल का निहाल, एक घंटे बाद मिला शव

कानपुर के चकेरी स्थित सनिगवां में तीन साल का निहाल खेलते समय बाइक धुलाई सेंटर के बाहर बने पानी के टैंक में गिर गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 October 2026, 11:58 AM IST
Kanpur News: घर के पास खेल रहा तीन साल का मासूम निहाल अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसे आसपास तलाशना शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे बाद जो मंजर सामने आया, उसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। निहाल घर के पास बाइक धुलाई सेंटर के बाहर बने पानी से भरे टैंक में मिला। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

खेलते समय पानी के टैंक में गिरा मासूम

यह दर्दनाक घटना कानपुर के चकेरी क्षेत्र के सनिगवां में बंबा के पास की बताई जा रही है। यहां मोहम्मद रफीक अपनी पत्नी और तीन बेटों गुफरान, कुर्बान और निहाल के साथ रहते हैं। निहाल की उम्र महज तीन साल थी। जानकारी के मुताबिक, देर शाम निहाल दूसरे बच्चों के साथ घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में स्थित बाइक धुलाई सर्विस सेंटर के बाहर बने पानी के टैंक के नजदीक पहुंच गया और उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि उस समय दूसरे बच्चों ने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी।

घर में छाया मातम

तलाश करते रहे परिजन, टैंक में मिला निहाल

कुछ देर बाद जब परिजनों को निहाल दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसे आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर परिवार के लोग घर से बाहर निकले और आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। दूसरे बच्चों से भी निहाल के बारे में पूछताछ की गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद निहाल पानी से भरे टैंक में उतराता हुआ दिखाई दिया। यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को टैंक से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सोमवार को बंद था सर्विस सेंटर

बताया जा रहा है कि जिस बाइक धुलाई सर्विस सेंटर के बाहर यह टैंक बना था, वह सोमवार होने के कारण बंद था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि पानी से भरे टैंक को सुरक्षित तरीके से ढककर या घेरकर क्यों नहीं रखा गया था। हालांकि, टैंक की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा किया। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

घटना के बाद देर रात तक बच्चे के परिजनों और बाइक धुलाई सेंटर के संचालक के बीच समझौते को लेकर बातचीत होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, इस बातचीत में क्या निर्णय हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तीन साल के बच्चे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। इस हादसे ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित पानी के टैंकों से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Kanpur

Published :  27 October 2026, 11:58 AM IST