
ब्रह्मानंद कॉलेज के प्राचार्य पर मुकदमा दर्ज (Image Source: Dynamite News)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित ब्रह्मानंद कॉलेज (BND College) के प्राचार्य विवेक द्विवेदी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर रुपये लेने का मामला सामने आया है। बर्रा निवासी पूर्व कर्मचारी शशांक शुक्ला की शिकायत पर कैंट थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने स्थायी नौकरी दिलाने का वादा करके उनसे 3 लाख रुपये लिए, लेकिन नियुक्ति नहीं दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शशांक शुक्ला के मुताबिक, वह वर्ष 2007 से बीएनडी कॉलेज में अस्थायी रूप से तृतीय श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। उनका आरोप है कि वर्ष 2012 में प्राचार्य विवेक द्विवेदी ने उन्हें स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले 3 लाख रुपये लिए। हालांकि, बाद में उनके स्थान पर प्राचार्य के एक रिश्तेदार की नियुक्ति कर दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद उन्हें किसी अन्य पद पर समायोजित करने का आश्वासन दिया गया था।
शशांक शुक्ला का आरोप है कि लंबे समय तक आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी नियुक्ति नहीं हुई। वर्ष 2024 में उन्होंने एक बार फिर नौकरी के संबंध में बात की। आरोप है कि इस दौरान अन्य पदों पर नियुक्ति के लिए उनसे अतिरिक्त रकम मांगी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, असमर्थता जताने पर उनके साथ अभद्रता की गई और पैसे वापस मांगने पर धमकी भी दी गई।
दो बाइक पर आए बदमाश, युवक का हाथ काटा और दुकानदार को थमा गए लिफाफा
पीड़ित का दावा है कि भर्ती के नाम पर कथित लेनदेन से जुड़ी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने इस रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सके। हालांकि, रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और उसमें मौजूद बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
शशांक शुक्ला ने मामले की शिकायत पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। इसके बाद कानपुर पुलिस ने शिकायत की जांच कर कैंट थाने में प्राचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
Deoria News: दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया, देवरिया में पेड़ से गिरकर मजदूर की मौत
एसीपी कैंट प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि शशांक शुक्ला ने बीएनडी कॉलेज के प्राचार्य पर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने और नियुक्ति नहीं देने का आरोप लगाया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 24 October 2026, 2:51 PM IST