Jhansi News: पुलिस लाइन पहुंचे SSP विकास कुमार, शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर शस्त्रागार और क्वार्टर गार्ड को परखा

झांसी पुलिस लाइन में SSP विकास कुमार ने  निरीक्षण किया। शुक्रवार परेड के बाद शस्त्रागार, क्वार्टर गार्ड समेत विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं को परखा और अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 November 2026, 1:55 PM IST

Jhansi: झांसी में पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों की टोली, अनुशासन और परेड की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद एसएसपी का निरीक्षण अभियान यहीं नहीं रुका, बल्कि उन्होंने पुलिस लाइन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का रुख किया।

अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

इस दौरान शस्त्रागार, क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा, रेडियो शाखा और यूपी-112 सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शुक्रवार 13 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया।

झांसी पुलिस लाइन का निरीक्षण (Img: Dynamite News)

इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ग्रहण की और पुलिसकर्मियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परेड ग्राउंड में निरीक्षण के बाद एसएसपी सीधे पुलिस लाइन की उन व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे, जिनका सीधा संबंध पुलिस बल की कार्यक्षमता, संसाधनों और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। सबसे पहले क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का निरीक्षण किया गया।

ये भी पढ़ें: Jhansi: चोरी के बाद ज्यादा दिन नहीं छिप सके आरोपी, चोरी के सामान के साथ 2 गिरफ्तार

शस्त्रों और कारतूसों की स्थिति का परीक्षण

यहां रखे गए सरकारी शस्त्रों, कारतूसों और संबंधित अभिलेखों की स्थिति का परीक्षण किया गया। शस्त्रों के रखरखाव से लेकर उनकी सुरक्षा और रिकॉर्ड के व्यवस्थित संधारण तक प्रत्येक पहलू पर ध्यान दिया गया। एसएसपी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शस्त्रों और कारतूसों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं।

झांसी पुलिस लाइन का निरीक्षण (Img: Dynamite News)

संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परिवहन शाखा का निरीक्षण कर वाहनों और उनसे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। रेडियो शाखा में उपलब्ध संचार उपकरणों और अभिलेखों की स्थिति को परखा, वहीं यूपी-112 सहित अन्य शाखाओं में पहुंचकर कार्यालय व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी संपत्ति के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

ये भी पढ़ें: Jhansi News: झांसी में ज्ञापन देने पहुंचे थे अधिवक्ता, वीडियो बनाने को लेकर पुलिसकर्मी से बवाल

जनसुरक्षा  को प्राथमिकता

सभी उपकरणों और संसाधनों को उपयोग के लिए दुरुस्त रखा जाए। कार्यालयों में अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित हो और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरे किए जाएं। वहीं, जनसेवा और पुलिसिंग को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाली जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आम जनता की शिकायतों पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स, जनसुरक्षा और संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता दी जाए।

Location :  Jhansi

Published :  13 November 2026, 1:55 PM IST