जेवर एयरपोर्ट? सिर्फ दिखावा! समाजवादी पार्टी के नेताओं ने खोला सरकार का असली चेहरा

सपा नेताओं ने प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पक्की नौकरी न मिलने की गंभीर समस्या को भी उठाया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 March 2026, 5:40 AM IST

भाजपा सरकार के बढ़ते भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की विफलता के बीच समाजवादी पार्टी ने अपनी पुरानी ताकत को फिर से दिखा दिया। सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी की ओर से चुन्नीगंज स्थित जीआइसी मैदान में आयोजित होली एवं ईद मिलन समारोह में सपा के वरिष्ठ नेता पहुंचे और जनता के सामने सरकार की नाकामी उजागर की।

भाजपा सरकारों पर जमकर हमला

राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने साफ कहा कि मो. आजम खां का स्थान कोई नहीं ले सकता। नसीमुद्दीन सिद्दीकी को आजम खां के मुकाबले ज्यादा तवज्जो देना गलत है। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ कुछ पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है, जबकि आम जनता को लाइन में खड़ा किया जा रहा है। नोटबंदी और गैस सिलिंडर की कतारों का जिक्र कर उन्होंने जनता की परेशानी को बयां किया।

बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मसला

सपा नेताओं ने प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पक्की नौकरी न मिलने की गंभीर समस्या को भी उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। मासूम लड़कियों के साथ बढ़ती दुष्कर्म घटनाओं पर भी सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया गया।

दिखावटी विकास या वास्तविक मुद्दे?

जेवर एयरपोर्ट परियोजना का जिक्र करते हुए सपा नेताओं ने इसे दिखावटी विकास करार दिया। उनका कहना था कि सरकार सिर्फ प्रचार पर ध्यान दे रही है, जबकि जनता के असली मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और अन्य नेताओं ने सपा नेताओं का स्वागत किया। सपा विधायक रागिनी सोनकर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और पीडीए की एकजुटता को मजबूत करने का संदेश दिया। इससे पहले शिवपाल सिंह यादव का स्वागत शिवराजपुर टोल पर और माता प्रसाद पांडेय का स्वागत जाजमऊ गंगापुल पर किया गया।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 29 March 2026, 5:40 AM IST