
प्रतीकात्मक छवि
जम्मू: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। डोडा जिले के भद्रवाह इलाके में हुई कार्रवाई के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के एक पाकिस्तानी आतंकी कमांडर को मार गिराया गया। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से आतंकी का शव और अमेरिकी निर्मित M4 राइफल बरामद की है।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, डोडा जिले के भद्रवाह स्थित सेओजधार इलाके के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी का शव बरामद किया गया। इससे पहले संयुक्त अभियान में सुरक्षाबलों ने आतंकी को मार गिराया था।
तलाशी अभियान में एसओजी डोडा, राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF की संयुक्त टीम शामिल थी। सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आतंकी कमांडर यासिर को 5 सितंबर को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के अशदर गली इलाके में चलाए गए ऑपरेशन अशदर के दौरान ढेर किया गया था।
इस अभियान में भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें शामिल थीं। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने एक AK राइफल और अन्य युद्ध सामग्री भी बरामद की थी।
मुठभेड़ स्थल से अमेरिकी निर्मित M4 राइफल की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां कई पहलुओं की जांच कर रही हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आतंकी को हथियार कहां से मिले और उसके स्थानीय संपर्क कौन-कौन थे।
सुरक्षा बलों का मानना है कि आतंकी संगठन घाटी में अपने नेटवर्क को सक्रिय रखने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल खुफिया इनपुट के आधार पर लगातार तलाशी और ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी नेटवर्क, उनके सहयोगियों और स्थानीय मददगारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यासिर का मारा जाना घाटी में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Location : Jammu Kashmir
Published : 12 September 2026, 1:22 PM IST
Topics : Bhaderwah Encounter Doda Terror Operation Jaish e Mohammed Commander Killed Jammu Kashmir Encounter M4 Rifle Recovered