
शेरगढ़ पुल मरम्मत के लिए बंद ( सोर्स - रिपोर्टर )
उरई: जालौन और औरैया जनपद को जोड़ने वाला यमुना नदी पर स्थित शेरगढ़ पुल एक बार फिर मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए लंबे समय से इसके मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिस पर अब कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि, मरम्मत कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। पुल से होकर गुजरने वाला आवागमन अब पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे करीब 80 गांवों के डेढ़ लाख से अधिक लोगों को दो माह तक भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के मुताबिक, प्रशासन द्वारा पहले ही भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब एक सप्ताह बाद से बाइक और कार जैसी हल्की गाड़ियों पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। मरम्मत कार्य के दौरान पुल की सात और आठ नंबर की स्पेन की कुल आठ बेयरिंग बदली जाएंगी, साथ ही पुल के दोनों सिरों पर पिचिंग का कार्य भी किया जा रहा है। इस कार्य में लगभग दो माह का समय लग सकता है, जिसके चलते यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध रहेगा।
शेरगढ़ पुल के बंद हो जाने के बाद कुठौंद से औरैया तक की दूरी में भारी इजाफा हो जाएगा। जहां पहले यह दूरी केवल 15 किलोमीटर थी, अब लोगों को 190 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, आम नागरिकों और नौकरीपेशा लोगों को अतिरिक्त समय, खर्च और टोल टैक्स का सामना करना पड़ेगा।
इससे प्रभावित गांवों में खेड़ा मुश्किल, बाघबली, नैनापुर, चौथ, हसनपुर, लोहई, टिकरी, करमुखा, कुठौंद, मदारीपुर, शंकरपुर, सिरसा, शहजादपुर, अजीतपुर, बावली सहित करीब 80 गांव शामिल हैं। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि उन्हें अब पढ़ाई के लिए रोजाना अतिरिक्त 190 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने और पुल मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि जनजीवन सामान्य हो सके। फिलहाल पुल पर मरम्मत कार्य जोरों पर चल रहा है और सुरक्षा कारणों से किसी भी तरह का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
Location : Jalaun
Published : 27 May 2025, 6:33 PM IST