हिंदी
मौके पर पुलिस
Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद स्थित यादव कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। रिश्ते की भाभी द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने उनके डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को सड़क पर कई बार पटककर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। फुटेज में आरोपी मासूम बच्चे को उठाकर सड़क पर बार-बार पटकता दिखाई दिया। घटना की भयावहता ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्चे के शव को घर के गेट के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक, निवासी शेखूपुर (बदायूं), को शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे भुड़ा भरतरा रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मासूम बच्चे की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Location : Firozabad
Published : 31 May 2026, 1:54 PM IST