सुल्तानपुर : पति की हत्या के केस में जमानत पर छूटी महिला के साथ ससुराल में क्या हुआ? वीडियो वायरल

सुल्तानपुर के चांदा क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में आरोपी पूजा गौतम की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों से मिलने ससुराल पहुंची थी, जहां बच्चों को साथ ले जाने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 October 2026, 9:12 PM IST

सुल्तानपुर : चांदा कोतवाली क्षेत्र के कायामुद्दीनपुर किन्दीपुर गांव में पति की हत्या के मामले में आरोपी महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों से मिलने ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान परिजनों से विवाद हो गया, जिसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पिटाई करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कायामुद्दीनपुर किन्दीपुर गांव निवासी महेश गौतम की पत्नी पूजा गौतम पति की हत्या के मामले में जेल में बंद थी। हाल ही में जमानत पर रिहा होने के बाद वह चांदा क्षेत्र के परसरामपुर गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी। बताया जाता है कि दो दिन पहले वह अपने बच्चों से मिलने प्राथमिक विद्यालय कायामुद्दीनपुर पहुंची थी। उसकी बेटी सुंदरी कक्षा पांच और बेटा समर कक्षा एक में पढ़ता है। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उसे बच्चों से मिलने नहीं दिया और इसकी सूचना ससुराल पक्ष को दे दी।

इसके बाद उसकी बड़ी बेटी प्रिया भी विद्यालय पहुंची और अपने भाई-बहन को लेकर घर चली गई। कुछ समय बाद पूजा गौतम अपने ससुराल पहुंची और बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगी। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद चांदा कोतवाली में पिटाई करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

3 सितंबर 2025 को बाग में मिला था महेश का शव

इस मामले की पृष्ठभूमि भी गंभीर है। तीन सितंबर 2025 की रात महेश गौतम की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव घर के पास स्थित बाग में एक पेड़ के नीचे मिला था। घटना के बाद महेश के भाई गणेश ने चांदा कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस ने जांच के दौरान सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महेश की पत्नी पूजा गौतम तथा बड़ागांव निवासी जय प्रकाश यादव उर्फ डंगर को गिरफ्तार किया था। दोनों को हत्या के मामले में जेल भेज दिया गया था। पुलिस की जांच में दोनों के बीच कथित प्रेम संबंधों की बात भी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, महेश को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रचने का आरोप था।

हत्या के मामले से अलग है पिटाई का मुकदमा

पति की हत्या के मामले में आरोपी महिला के जमानत पर बाहर आने के बाद बच्चों से मिलने को लेकर हुआ विवाद अब मारपीट के मामले में बदल गया है। महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Sultanpur

Published :  19 October 2026, 9:11 PM IST