इमरान मसूद के घर में घमासान: रिश्तों की लड़ाई या सियासी जंग? बेटी को क्या सच में दामाद कर रहा है टॉर्चर?

सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के परिवार का विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव कर अपने बहनोई शायान मसूद और उनके परिवार पर बहन से मारपीट, प्रताड़ना और घर से निकालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं शायान मसूद ने इन आरोपों को राजनीतिक हमला बताते हुए जवाब दिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 August 2026, 2:34 PM IST

Saharanpur: सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के परिवार का विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव कर अपने बहनोई शायान मसूद और उनके परिवार पर बहन से मारपीट, प्रताड़ना और घर से निकालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं शायान मसूद ने इन आरोपों को राजनीतिक हमला बताते हुए जवाब दिया है।

इमरान मसूद परिवार में बढ़ा विवाद, भतीजे ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप

सहारनपुर की सियासत में एक नए विवाद ने दस्तक दे दी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के एक राजनीतिक पार्टी में शामिल होने के बाद अब परिवार के अंदर का विवाद खुलकर सामने आ गया है। इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने शनिवार को फेसबुक लाइव कर अपने बहनोई शायान मसूद और उनके पिता शादान मसूद पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन सुबिया मसूद के साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि परिवार पिछले करीब पांच साल से रिश्तेदारी और सम्मान की वजह से कई बातों को सहन कर रहा था, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि चुप रहना संभव नहीं है।

बहन के साथ ज्यादती का लगाया आरोप

फेसबुक लाइव में हमजा नोमान मसूद ने कहा कि उनके बहनोई और उनके परिवार ने उनकी बहन के साथ गलत व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुबिया मसूद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। हमजा ने दावा किया कि उनके पास घर के अंदर हुई बातचीत और कई घटनाओं से जुड़ी रिकॉर्डिंग मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अगर विवाद इसी तरह बढ़ता रहा तो वह इन रिकॉर्डिंग और वीडियो को सार्वजनिक कर सकते हैं। हमजा ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहन को राजनीतिक कारणों से परेशान किया गया और करीब पांच साल तक उनकी जिंदगी मुश्किलों में रही।

बच्चे की जिम्मेदारी उठाने का दावा

हमजा ने कहा कि उनकी बहन और उनके एक साल के बच्चे की जिम्मेदारी अब उनका परिवार उठाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शायान मसूद ने बच्चे के खर्च तक में सहयोग नहीं किया। हमजा ने कहा कि उनकी बहन को किसी के सहारे की जरूरत नहीं है और परिवार पूरी मजबूती से उसके साथ खड़ा है।

राजनीतिक विरोधियों ने पूछा हाल, अपनों पर उठाए सवाल

हमजा ने अपने बयान में कहा कि जब उनके पिता की तबीयत खराब थी, तब राजनीतिक विरोधियों ने भी फोन कर हालचाल पूछा। उन्होंने कहा कि चौधरी परिवार और फजुर रहमान समेत कई लोगों ने पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई, लेकिन अपने ही लोग परिवार के खिलाफ राजनीतिक गतिविधियों में लगे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिनमें इमरान मसूद और उन्हें रास्ते से हटाने जैसी बातें की गईं। हालांकि उन्होंने कहा कि वह अभी तक इन रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे, लेकिन लगातार हो रही बयानबाजी के कारण उन्हें अपनी बात रखनी पड़ी।

शायान मसूद ने आरोपों को बताया राजनीतिक हमला

वहीं शायान मसूद ने हमजा के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो मैदान में आकर मुकाबला किया जाए। घर की निजी बातों को सार्वजनिक करना सही नहीं है। शायान ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास भी कई बातों के जवाब हैं, लेकिन वह परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक करने में विश्वास नहीं रखते।

विवाद के बीच बढ़ी सियासी हलचल

इमरान मसूद परिवार का यह विवाद अब सिर्फ पारिवारिक मामला नहीं रह गया है, बल्कि सहारनपुर की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सबकी नजर आगे की कार्रवाई और परिवार की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी है।

Location :  Saharanpur

Published :  23 August 2026, 2:34 PM IST