
कुशीनगर में सड़क हादसा
Kushinagar: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में NH-28 पर सलेमगढ़ क्रॉसिंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है। करीब 23 सेकंड के इस वीडियो में तेज रफ्तार और लापरवाही किस तरह जानलेवा बनती है, यह साफ दिखाई दे रहा है। हादसे में बाइक सवार एक भाई और उसकी दो बहनें घायल हो गईं, जबकि दोनों कारों में सवार कुछ लोग भी चोटिल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना बीते दिन दोपहर की है। CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि सलेमगढ़ क्रॉसिंग पर एक कार यू-टर्न ले रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे जा पहुंचे और वहां मौजूद बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-28 पर स्थित सलेमगढ़ क्रॉसिंग लंबे समय से हादसों का हॉटस्पॉट बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, यहां पहले भी एक दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का आरोप है कि न तो यहां प्रभावी स्पीड कंट्रोल व्यवस्था है और न ही सुरक्षित यू-टर्न के लिए उचित संकेतक लगाए गए हैं।
घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रशासन से मांग की है कि इस क्रॉसिंग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षित ट्रैफिक सिस्टम जल्द लागू किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Kushinagar
Published : 17 May 2026, 2:26 PM IST
Topics : CCTV Kushinagar Road Accident Speedy Car UP News