Holi: सैफई से अखिलेश यादव का सियासी संदेश, बोले – “हम सब लोग बहुरंगी रहें, मन से भी”

हर साल की तरह इस साल भी इटावा जिले के सैफई गांव में समाजवादी परिवार की होली धूम-धाम से मनायी गयी। पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: Manoj Tibrewal Aakash
Updated : 4 March 2026, 8:05 PM IST

सैफई (इटावा): होली के अवसर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई में फूलों की होली खेली। भाईचारे, शांति और युद्ध विरोध का संदेश देते हुए कहा – “हम मन से भी बहुरंगी रहें।”
मंच पर प्रो. राम गोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, इटावा सांसद जितेन्द्र दोहरे और तेज प्रताप यादव मौजूद रहे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सपा प्रमुख ने होली के अवसर पर अपने पैतृक गांव सैफई से सामाजिक सद्भाव और राजनीतिक संदेश दिया। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में होली की धूम के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ने परिजनों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली और लोगों से संवाद किया।

सैफई में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर सपा के सभी नेताओं ने एक-दूसरे को गुलाब और अन्य सुगंधित फूल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक लोकगीतों के बीच सपा कार्यकर्ता उत्साह में झूमते नजर आए।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि भारत का रंगों का त्योहार पूरी दुनिया में अनूठा है। उन्होंने कहा, “हमने और आपने धरती पर कहीं नहीं देखा होगा जैसा रंगों का त्योहार भारत में मनाया जाता है। ये त्योहार हमें एक करता है और यही संदेश देता है कि हम सब लोग बहुरंगी रहें, मन से भी बहुरंगी रहें।”

उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा का रास्ता पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बना। “हमारा देश वह है जिसने पूरी दुनिया को शांति का पैगाम दिया। जियो और जीने दो का नारा दिया। हमें अपने भाईचारे और हिन्दुस्तानियत को बनाए रखना है।”

अपने संबोधन में उन्होंने वैश्विक हालात का भी जिक्र किया और कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तकनीक और जमीन के नाम पर संघर्ष बढ़ रहे हैं और युद्ध का असर आम लोगों पर पड़ता है। “समाजवादी पार्टी और समाजवादी विचारधारा कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रही है। कहीं भी युद्ध हो, हम उसके खिलाफ हैं। युद्ध नहीं होना चाहिए।”
होली के मौके पर अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा – “मन से बहुरंग रहें!”

Location : 
  • Uttar Pradesh

Published : 
  • 4 March 2026, 8:05 PM IST