
किन्नरों का गुस्सा सड़कों पर फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Jhansi: झाँसी में मुकदमा दर्ज न होने से नाराज किन्नरों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। थाना नवाबाद से लेकर पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय के गेट तक जमकर हंगामा हुआ। करीब दर्जन भर किन्नरों ने कपड़े उतारकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पूरा मामला झाँसी का है, जहां बधाई लेने को लेकर किन्नरों के दो पक्षों के बीच विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि एक पक्ष के करीब 40 से 50 लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कई किन्नर घायल हो गए थे।
घटना के बाद मामला थाना नवाबाद पहुंचा, जहां विवाद के बीच एक किन्नर द्वारा कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की घटना भी सामने आई। इसके बाद थाना नवाबाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसी बात से नाराज होकर किन्नरों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया।
किन्नरों ने थाना नवाबाद परिसर, थाने के सामने की सड़क, पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय के गेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब एक दर्जन किन्नरों ने कपड़े उतारकर विरोध जताया और पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात बाधित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों में काफी आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना था कि मारपीट की घटना में कई लोग घायल हुए, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज करने में देरी की जा रही है। इसी नाराजगी के चलते प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
गोरखपुर: दहेज के लिए विवाहिता पर सितम! पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का आरोप, 5 पर केस दर्ज
काफी देर तक चले हंगामे और प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने तथा मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद किन्नरों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
Varanasi Air Show: कभी नहीं देखा था ऐसा नजारा… राफेल-सुखोई देखने के लिए 16 महिलाएं 5 KM पैदल चलीं
फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि मारपीट के आरोपों की जांच में क्या सामने आता है और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए पुलिस आगे क्या कदम उठाती है।
Location : झाँसी
Published : 25 October 2026, 4:15 PM IST