हिंदी
महिला वकील की फाइल फोटो (image: social media)
Prayagraj News: प्रयागराज में एक हाईकोर्ट वकील की मौत से सनसनी फैल गई। धूमनगंज इलाके के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में 33 वर्षीय वकील कंचन सिंह का शव उनके फ्लैट में फंदे से लटका मिला। कंचन सिंह ने करीब 10 महीने पहले धूमनगंज थाने में तैनात दरोगा जितेंद्र सिंह से लव मैरिज की थी। घटना के समय पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने फ्लैट को सील कर जांच शुरू कर दी है।
दरोगा जितेंद्र सिंह के मुताबिक, शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रात करीब 8 बजे कंचन अपने कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद एक पारिवारिक मित्र ने जितेंद्र सिंह को फोन कर बताया कि कंचन ने मैसेज भेजा है कि वह सुसाइड करने जा रही हैं। यह सुनते ही पति ने तुरंत कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद दरोगा ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर कंचन सिंह फंदे से लटकी मिलीं। जितेंद्र सिंह ने उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कंचन सिंह कानपुर की रहने वाली थीं और प्रयागराज हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। वहीं उनके पति जितेंद्र सिंह भी कानपुर के रहने वाले हैं। जितेंद्र सिंह 2023 बैच के दरोगा हैं और वर्तमान में धूमनगंज थाने में तैनात हैं। दोनों ने करीब 10 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पारस ग्रीन अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट में रह रहे थे।
जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद कंचन के माता-पिता कानपुर से प्रयागराज आए थे।बताया गया कि दोनों ने तीन दिन तक बेटी और दामाद के साथ रहकर मामले को सुलझाने की कोशिश की। शनिवार रात करीब 8 बजे कंचन के माता-पिता वापस कानपुर चले गए। उनके जाने के बाद ही कंचन कमरे में गईं और दरवाजा बंद कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। DCP सिटी सागर जैन ने बताया कि घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल फ्लैट को सील कर दिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, जिस पारिवारिक मित्र ने दरोगा को फोन कर कंचन के मैसेज की जानकारी दी थी, उसका तलाक का केस भी कंचन सिंह लड़ रही थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में कंचन ने यह कदम उठाया।
Location : Prayagraj
Published : 20 September 2026, 12:42 PM IST
Topics : crime news High Court Lady Lawyer prayagraj news