बकरीद से पहले देवरिया में हाई अलर्ट… सड़कों पर उतरी पुलिस, फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

देवरिया में बकरीद पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिलेभर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में 718 स्थानों पर नमाज और 23 स्थानों पर कुर्बानी होगी, जिन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 4:02 PM IST

Deoria: देवरिया में आगामी बकरीद पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस ने शहर से लेकर कस्बों तक फ्लैग मार्च निकाला।

जिलेभर में निकाला गया फ्लैग मार्च

बकरीद को लेकर देवरिया पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक देवरिया के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की गई। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को रोकना बताया गया।

देवरिया का नशा मुक्ति केंद्र सवालों के घेरे में; तीन दिन में दूसरी मौत, परिजनों का हंगामा

718 स्थानों पर होगी नमाज

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने बताया कि जिले में कुल 718 स्थानों पर बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा 23 स्थानों को कुर्बानी के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी स्थानों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

जिले को पांच सेक्टरों में बांटा गया

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे जिले को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी सेक्टरों में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

जिस पत्नी ने साथ जीने की कसम खाई, उसी पर पति की मौत का आरोप… देवरिया की घटना से सनसनी

साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान

प्रशासन की ओर से साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।

एसपी की अपील

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने जिलेवासियों से बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Location :  Deoria

Published :  27 May 2026, 3:56 PM IST