
सड़क हादसे में घायल हेड कांस्टेबल हिमांशु त्रिपाठी का निधन
Maharajganj: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल हिमांशु त्रिपाठी की बुधवार को लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
हेड कांस्टेबल हिमांशु त्रिपाठी मूल रूप से देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडी के निवासी थे। वर्तमान में वे महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना अंतर्गत परतावल चौकी पर तैनात थे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिवार की बात करें तो हिमांशु त्रिपाठी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता सत्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस विभाग में दरोगा पद से लगभग 15 वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में अस्वस्थ चल रहे हैं। पत्नी यशोदा त्रिपाठी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में उनकी 20 वर्षीय पुत्री इशानी त्रिपाठी है। जवान बेटे और परिवार के मुखिया की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल हिमांशु त्रिपाठी वर्ष 1994 बैच के आरक्षी थे। लगभग एक वर्ष पूर्व उनकी तैनाती श्यामदेउरवा थाने में की गई थी और वे वर्तमान में परतावल चौकी पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे अपने कर्तव्य के प्रति हमेशा सजग और अनुशासित रहते थे तथा विभाग में उनकी छवि एक ईमानदार और कर्मठ पुलिसकर्मी की थी।
उनके निधन पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
Location : Maharajganj
Published : 28 January 2026, 7:26 PM IST
Topics : Accident head constable injured Maharajganj