Hathras News: धान, बाजरा और मक्का बेचने से पहले जान लें ये नियम, किसानों को मिलेगा कितना समर्थन मूल्य?

Hathras News के मुताबिक, जिले में धान की सरकारी खरीद 12 अक्टूबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक निर्धारित है, जबकि बाजरा, मक्का और ज्वार की खरीद 31 दिसंबर तक होगी। किसानों को पंजीकरण और फार्मर आईडी की जरूरत होगी। प्रशासन ने क्रय केंद्रों पर सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 October 2026, 10:05 AM IST

Hathras: किसानों के लिए अपनी फसल सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने का मौका शुरू हो गया है। Hathras News के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में धान, बाजरा, मक्का और ज्वार की सरकारी खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं। किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए क्रय केंद्रों पर जरूरी उपकरण, बारदाना और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने की समीक्षा की गई। अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर, विनोइंग फैन और ई-पॉप मशीन सहित जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को अनावश्यक रूप से क्रय केंद्र से वापस न किया जाए। उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

12 अक्टूबर से शुरू हुई धान की खरीद

जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव के अनुसार, हाथरस में धान की सरकारी खरीद 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 15 फरवरी 2027 तक चलेगी। बाजरा, मक्का और ज्वार की खरीद 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है।

धान खरीद के लिए जिले में 15 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के नौ और यूपीपीसीएफ के छह केंद्र शामिल हैं। मोटे अनाज की खरीद के लिए खाद्य विभाग के 18 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

Gorakhpur: कुआनो नदी पुल पर महिला ने की कूदने की कोशिश, मिशन शक्ति टीम ने बचाई जान

किसानों को कितना मिलेगा समर्थन मूल्य?

सरकारी खरीद के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) प्रति क्विंटल इस प्रकार है:

  • धान कॉमन: 2,441 रुपये
  • धान ग्रेड-ए: 2,461 रुपये
  • मक्का: 2,410 रुपये
  • बाजरा: 2,900 रुपये
  • ज्वार हाइब्रिड: 4,023 रुपये
  • ज्वार मालदंडी: 4,073 रुपये

पंजीकरण और फार्मर आईडी जरूरी

सरकारी केंद्रों पर उपज बेचने के लिए किसानों को खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। फार्मर आईडी भी अनिवार्य बताई गई है। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत, जबकि मक्का और बाजरा में 14 प्रतिशत निर्धारित है। किसानों से उपज साफ और सुखाकर लाने की अपील की गई है।

खरीदे गए अनाज का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा। क्रय केंद्र रविवार और राजपत्रित अवकाश को छोड़कर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खुलेंगे।

Location :  Hathras

Published :  18 October 2026, 10:05 AM IST