हाथरस में सामूहिक विवाह में 417 जोड़ों की शादी, 40 मुस्लिम जोड़ों ने भी किया निकाह

हाथरस के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में जोड़ों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। समारोह में 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुए इस आयोजन में योजना से जुड़ी सहायता की जानकारी भी दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 4:49 PM IST

Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को 417 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। मथुरा रोड स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित समारोह में 40 मुस्लिम जोड़ों ने भी निकाह कर नई जिंदगी की शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई।

दीप प्रज्ज्वलित कर किया समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदरा राऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद गुड्डू चौधरी, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस मौके पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता दूर करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से अभिभावकों को बेटियों की शादी के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती।

हाथरस में सामूहिक विवाह में 417 जोड़ों की शादी (Image: Dynamite News)

विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि हाथरस जिले में अब तक इस योजना के तहत करीब 6,400 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। विधायक गुड्डू चौधरी और एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

दुल्हन के खाते में दिए जाते हैं 64 हजार रुपये

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि योजना के तहत पात्र जोड़ों का चयन जनप्रतिनिधियों की संस्तुति के आधार पर किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े के लिए कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था की जाती है। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में दिए जाते हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

सामाजिक जागरूकता के लिए दिलाई गई शपथ

विवाह समारोह के दौरान केवल वैवाहिक रस्में ही नहीं हुईं, बल्कि विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति और स्वगणना अभियान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई।

जिलाधिकारी ने लोगों से 30 नवंबर तक स्वगणना प्रपत्र भरने की अपील की। इसके साथ ही मतदाता सूची में पात्र युवाओं के नाम जुड़वाने का भी आग्रह किया। इस संबंध में 22, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाने की जानकारी दी गई।

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 417 जोड़ों ने एक साथ नए जीवन की शुरुआत की।

Location :  Hathras

Published :  21 November 2026, 4:49 PM IST