Hathras Traffic Diversion: दशहरा मेले में जाने से पहले जान लें रूट, दोपहर 2 बजे से आगरा रोड बंद

Hathras Traffic Diversion: दशहरा मेले और रावण दहन के चलते हाथरस में रूट डायवर्जन लागू है। दोपहर 2 बजे से आगरा रोड पर छोटे वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। जानिए मध्यम और बड़े वाहनों के वैकल्पिक रास्ते और जरूरी निर्देश।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 October 2026, 11:05 AM IST

Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस में दशहरा मेले और रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। शहर के आगरा रोड स्थित प्रेमरघु हॉस्पिटल के सामने मैदान में रावण दहन होगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। ऐसे में दशहरा मेले के दौरान घर से निकलने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे अपनी यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें।

सुबह 8 बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन

यातायात पुलिस के अनुसार, निर्धारित मार्गों पर सुबह आठ बजे से मेला समाप्त होने तक वाहनों का संचालन कराया जाएगा। वहीं, दोपहर दो बजे से आगरा रोड पर छोटे वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी जाएगी।

पुलिस का उद्देश्य मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना और लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखना है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

हाथरस में 1200 से ज्यादा वोटर वाले बूथों का होगा बंटवारा, 24 अक्टूबर को नाम जुड़वाने का मौका

चामड़ गेट और आगरा की ओर से आने वाले वाहन यहां से जाएंगे

चामड़ गेट की ओर से आने वाले मध्यम और बड़े वाहन डीआरबी तिराहा, रोडवेज बस स्टैंड, मधुगढ़ी तिराहा, इगलास फाटक और हतीसा बाईपास होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। आगरा की ओर से आने वाले मध्यम और बड़े वाहन नगला भुस तिराहा और थाना चंदपा से बाईपास होते हुए हतीसा पुल के रास्ते मथुरा, अलीगढ़ और कासगंज की ओर जा सकेंगे।

अलीगढ़ और सिकंदराराऊ से आने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

अलीगढ़ की ओर से आने वाले मध्यम और बड़े वाहन रूहेरी तिराहा और हाथरस गेट से मथुरा-बरेली हाईवे के रास्ते मथुरा और आगरा की ओर जाएंगे। सिकंदराराऊ से आने वाले वाहन मेंडू बाईपास, हाथरस जंक्शन और बरेली बाईपास होते हुए रूहेरी बाईपास और हतीसा पुल से अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा की ओर जा सकेंगे। वहीं, मथुरा की तरफ से आने वाले मध्यम और बड़े वाहन हतीसा पुल बाईपास से आगरा, अलीगढ़ और सिकंदराराऊ की ओर जा सकेंगे।

दोपहर 2 बजे से छोटे वाहनों की एंट्री बंद

पुलिस के मुताबिक, दोपहर दो बजे से मेला समाप्त होने तक आगरा रोड पर पुलिस चौकी (बंबा) से गिजरौली ब्लॉक तक छोटे वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसमें मोटरसाइकिल, कार और छोटे लोडिंग वाहन शामिल हैं। इसलिए इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालक पहले से अपनी यात्रा की योजना बना लें, ताकि उन्हें जाम या अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

UP PET 2026: हाथरस में 39,456 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 16 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को मिलेगी छूट

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को आवश्यकता के अनुसार निकलने दिया जाएगा। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों और डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। दशहरा मेले में पहुंचने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।

Location :  Hathras

Published :  20 October 2026, 11:05 AM IST