
प्रतीकात्मक फोटो (Source: Pinterest)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में रविवार सुबह एक महिला की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को कमरे में दूसरे युवक के साथ देखकर पति गुस्से में बेकाबू हो गया। उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसे कमरे से बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गए।
मामला कोतवाली शहर क्षेत्र के घमोइया निकासी का है। जानकारी के मुताबिक, लल्ला करीब एक साल पहले शारदा नहर पार खेत में कमरा और छप्पर डालकर चक्की का कारखाना चलाने लगा था। वह अपनी पत्नी दुर्गा और पांच साल के बेटे लकी के साथ वहीं रहता था। परिवार की जिंदगी इसी जगह गुजर रही थी, लेकिन रविवार सुबह हुई वारदात ने सब कुछ बदल दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार सुबह लल्ला शौच के लिए गया था। जब वह वापस लौटा तो कमरे में उसकी पत्नी दुर्गा के साथ गांव का ही एक युवक मौजूद था। पत्नी को युवक के साथ देखकर वह गुस्से में आ गया। इस दौरान युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद लल्ला और दुर्गा के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान लल्ला ने दुर्गा के साथ मारपीट की और उसे कमरे से बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी से दुर्गा की गर्दन पर कई वार किए। हमले में महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी के चरित्र को लेकर आरोप लगाए और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
महिला की हत्या की सूचना मिलने पर सीओ सिटी अजीत चौहान, शहर कोतवाल संजय त्यागी, सांडी कोतवाल पुष्पराज कुशवाहा और सुरसा पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम, इस्तेमाल किए गए हथियार और विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। कमरे में मौजूद बताए जा रहे युवक की भूमिका को लेकर भी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Location : Hardoi
Published : 11 October 2026, 2:37 PM IST